भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की है। दूसरी इनिंग में भारत की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाया, वहीं केएल राहुल ने 90 रन बनाए। इस पूरी सीरीज में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने जबरदस्त बल्लेबाजी की है। इस सीरीज में टीम इंडिया ने अब तक सभी पारियों को मिलाकर 3000 से ज्यादा रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड में पहली बार ऐसा हुआ है जब भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने एक सीरीज में 3000 से अधिक रन बनाए हों। इससे पहले भारत ने 2021-22 में खेली गई इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 2666 रन बनाए थे। वहीं 2014 में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर 2548 रन बनाने में कामयाब रही थी।
भारत के लिए इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन
- 3027 रन, 4 मैच, 2025 में
- 2066 रन, 5 मैच, 2021-22 में
- 2548 रन, 5 मैच, 2014 में
- 2535 रन, 5 मैच, 2002 में
- 2448 रन, 4 मैच, 2018 में
एक टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा रन वेस्टइंडीज के खिलाफ 1978 में बनाए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ उस 6 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 3027 रन बनाने में कामयाब रही थी। भारत इस सीरीज में अपने इसी रिकॉर्ड को तोड़ सकता है। इस सीरीज में 4 मैच खेले जा चुके हैं और टीम इंडिया को एक मैच और खेलना है। अगर उस मैच में भारत के बल्लेबाज इसी लय में रहते हैं तो वह एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन
- 3270 रन बनाम वेस्टइंडीज, 1978-79
- 3230 रन बनाम इंग्लैंड, 2016-17
- 3140 रन बनाम इंग्लैंड, 2023-24
- 3119 रन बनाम इंग्लैंड, 1963-64
- 3029 रन बनाम इंग्लैंड, 2025
मैनचेस्टर टेस्ट मैच की बात करें तो पांचवें दिन के चाय ब्रेक तक टीम इंडिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 322 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के लिए रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाज अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। सुंदर और जडेजा के बीच पांचवें विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें:
केएल राहुल और शुभमन गिल की जोड़ी ने इंग्लैंड में रच दिया नया इतिहास, तोड़ा 23 साल पुराना रिकॉर्ड
700+ रन एक ही सीरीज में बनाकर गिल ने रचा इतिहास, डॉन ब्रैडमैन के वर्ल्ड रिकॉर्ड के बराबर पहुंचे