1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WI ने टीम इंडिया के खिलाफ भारत में पहली बार किया बड़ा कारनामा, हार के बावजूद भारतीय टीम ने भी बनाया रिकॉर्ड

WI ने टीम इंडिया के खिलाफ भारत में पहली बार किया बड़ा कारनामा, हार के बावजूद भारतीय टीम ने भी बनाया रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज ने चौथे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत को 24 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली। शे होप ने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए, जबकि कीमो पॉल ने 41 रन देकर पांच विकेट झटके।

IND vs WI- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज ने हैदराबाद में भारत को हराकर सिर्फ पांच मैचों की T20I सीरीज में 2-2 से बराबरी ही नहीं की, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना दिया, जिसके लिए उसे पहले 6 बार नाकामी हाथ लगी थी। शे होप के नाबाद शतक और कीमो पॉल के पांच विकेट के दम पर कैरेबियाई टीम ने 14 अक्टूबर को चौथे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत को 24 रन से हराया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने भारतीय सरजमीं पर भारत के खिलाफ T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया।

WI ने पहली बार भारत में बनाया ये रिकॉर्ड

भारत में T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में वेस्टइंडीज के लिए यह जीत खास रही। इससे पहले टीम इंडिया के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर लक्ष्य का बचाव करते हुए कैरेबियाई टीम को 6 बार असफलता मिली थी। इस बार शे होप की शानदार बल्लेबाजी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया, जबकि कीमो पॉल की धारदार गेंदबाजी ने भारत को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह वेस्टइंडीज ने 24 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया और सीरीज को रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया।

भारत ने भी बनाया खास रिकॉर्ड

मुकाबला हारने के बावजूद भारतीय टीम ने T20 इंटरनेशनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया। भारत ने 223 रन बनाए, लेकिन जीत के लिए यह पर्याप्त नहीं रहे। इस मामले में टीम इंडिया का रिकॉर्ड स्कोर 244/4 है, जो उसने 2016 में लॉडरहिल में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। उस मुकाबले में भारत को महज एक रन से हार का सामना करना पड़ा था।

शे होप का शतक

वेस्टइंडीज की जीत की नींव शाई होप ने रखी। उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए, जिसमें नौ छक्के और चार चौके शामिल रहे। शेरफेन रदरफोर्ड ने भी 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले, जबकि शिमरॉन हेटमायर ने 33 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 248 रन का लक्ष्य रखा।

कीमो पॉल का पंजा

लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन ने 23 गेंदों पर 56 रन बनाकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। तिलक वर्मा ने 43 रन का योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारियां नहीं कर सके। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज कीमो पॉल ने 41 रन देकर पांच विकेट झटके और भारतीय पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। अब सीरीज का पांचवां और निर्णायक T20 इंटरनेशनल मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

अभिषेक शर्मा ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, इस मामले में बन गए नंबर-1 भारतीय खिलाड़ी

संजू सैमसन ने T20I में पूरा किया छक्कों का शतक, बने यह मुकाम हासिल करने वाले सिर्फ छठे भारतीय

Latest Cricket News