1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तिलक वर्मा ने रोहित-विराट वाले क्लब में बनाई जगह, T20I के टॉप-5 फील्डर्स में शामिल हुआ नाम

तिलक वर्मा ने रोहित-विराट वाले क्लब में बनाई जगह, T20I के टॉप-5 फील्डर्स में शामिल हुआ नाम

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच में तिलक वर्मा ने दो शानदार कैच पकड़े। इसके साथ ही T20I में भारत के लिए उनके कुल 50 कैच पूरे हो गए हैं और उनका नाम एक खास क्लब में शामिल हो गया है।

Tilak Varma- India TV Hindi
Image Source : AFP तिलक वर्मा

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। 11 अक्टूबर को खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने 16 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 28 रन बनाए और वे रन आउट हो गए। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने फील्डिंग में भी कमाल दिखाया और दो कैच लपके। उन्होंने 16वें और 18वें ओवर में शानदार कैच पकड़े। तिलक ने इसके साथ ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 68 मैचों में अपने 50 कैच पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उनका नाम रोहित-विराट वाले क्लब में शामिल हो गया है।

तिलक वर्मा का नाम टॉप-5 फील्डर्स में हुआ शामिल

तिलक वर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में फील्डिंग करते हुए 50 या उससे ज्यादा कैच लेने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा 65 कैच के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि हार्दिक पांड्या 64 कैच के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। तीसरे नंबर पर पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम है, उन्होंने 58 कैच पकड़े हैं। विराट कोहली 54 कैच के साथ चौथे पायदान पर हैं। अब विराट को पीछे छोड़ने के लिए तिलक को सिर्फ 5 और कैच लेने की जरूरत है। खास बात यह है कि इस लिस्ट के शुरुआती चार खिलाड़ियों में से रोहित और विराट टी20 से संन्यास ले चुके हैं। वहीं हार्दिक और सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर चल रहे हैं।

T20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा कैच लेने वाले टॉप 5 फील्डर

  • 65 - रोहित शर्मा
  • 64 - हार्दिक पांड्या
  • 58 - सूर्यकुमार यादव
  • 54 - विराट कोहली
  • 50 - तिलक वर्मा

अभिषेक शर्मा ने खेली 69 रनों की पारी

इंदौर में खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो टी20 मैच में अभिषेक शर्मा की 30 गेंदों में 69 रनों की शानदार पारी के बावजूद भारतीय टीम आखिरी गेंद पर 223 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अभिषेक ने ईशान किशन (18 गेंदों में 37 रन) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 108 रनों की बड़ी साझेदारी की और टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद भारत ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए, जिससे टीम उम्मीद के मुताबिक बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।

इसके जवाब में 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की तरफ से शिमरोन हेटमायर (43 रन) और कामिल पूरन (42 रन) ने अच्छी पारियां खेलीं। अंत में शमार स्प्रिंगर ने भी सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 35 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन फिर भी वेस्टइंडीज टीम जीत हासिल नहीं कर पाई और 14 रनों से मैच हार गई। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए। वेस्टइंडीज के इस मौजूदा भारत दौरे पर यह पहला मौका है जब किसी टीम ने टारगेट डिफेंड करते हुए जीत दर्ज की है।

यह भी पढ़ें

क्रिकेट में गजब संयोग, मैच की दोनों पारियों में गेंद और रन बराबर, 44 पारियों से नहीं आई सेंचुरी

IND vs SL वनडे मैच का वेन्यू नहीं होगा चेंज, BCCI सचिव ने कहा- मैच शिफ्ट होने का कोई प्लान नहीं

Latest Cricket News