A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एक ही खिलाड़ी से हारी गुजरात टाइटंस, तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के पहले बल्लेबाज, 6 साल बाद हुआ करिश्मा

एक ही खिलाड़ी से हारी गुजरात टाइटंस, तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के पहले बल्लेबाज, 6 साल बाद हुआ करिश्मा

तिलक वर्मा ने सोमवार रात आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए इतनी जबरदस्त पारी खेली कि विरोधी टीम गुजरात टाइटंस उनसे ही नहीं जीत पाई। अब तक आईपीएल के इतिहास में 9 बार ऐसा हुआ है, लेकिन एमआई के लिए पहली बार।

tilak varma- India TV Hindi
Image Source : AP तिलक वर्मा

क्रिकेट मुकाबला तो वैसे दो टीमों के बीच होता है, लेकिन कभी कभी ऐसा भी हो जाता है, जब एक ही खिलाड़ी विरोधी टीम पर भारी पड़ जाता है। ऐसा ही आईपीएल के मुकाबले में सोमवार को देखने के लिए मिला, जब मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच एक जोरदार मुकाबला खेला गया। इस मैच में तिलक वर्मा ने जबरदस्त शतक जड़ा और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। 

तिलक वर्मा ने 45 बॉल पर बना दिए 101 रन

टी20 ​क्रिकेट में टॉप 3 ​बल्लेबाजों के पास सबसे ज्यादा मौका होता है कि वे अपना शतक पूरा करें, क्योंकि उन्हें ज्यादा बॉल खेलने के लिए मिलती हैं। लेकिन तिलक वर्मा ने सोमवार को काफी नीचे आकर शतक पूरा किया। तिलक इस मैच में नंबर 5 पर बल्लेबाजी के लिए आए। जब उनकी बैटिंग आई तो टीम पर संकट था। तिलक ने महज 45 बॉल पर 101 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से आठ चौके और 7 छक्के आए। उनका स्ट्राइक रेट 224.44 का रहा। मुंबई का और कोई बल्लेबाज अर्धशतक भी पार नहीं कर पाया। तिलक के 101 रनों के बाद सबसे ज्यादा बड़ा स्कोर नमन धीर का रहा, जिन्होंने 32 बॉल पर 45 रन बनाए। हालांकि गुजरात टाइटंस के लिए यही रन काफी थे। टीम वर्मा को ही नहीं हरा पाई। 

गुजरात टाइटंस की टीम 99 रन पर ही आउट, नहीं खेल पाई पूरे 20 ओवर

गुजरात टाइटंस जब रनों का पीछा करने के लिए उतरी तो उसे 200 रन बनाने थे, लेकिन टीम केवल 100 रन पर ही ढेर हो गई। टीम के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने 17 बॉल पर 26 रन बनाए, जो सबसे बड़ा योगदान रहा। टीम अपने कोटे के पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 15.5 ओवर में ही आलआउट हो गई। गुजरात टाइटंस को न केवल दो अंक हासिल करने से रोक दिया गया, बल्कि 99 रनों से मिली इस हार ने उसका नेट रन रेट भी खराब कर दिया है, जो आने वाले दिनों में उसके लिए भारी पड़ सकता है। 

मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा ने किया कमाल

आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब ​मुंबई इंडियंस के किसी बल्लेबाज से ही विरोधी टीम हार गई हो। तिलक वर्मा ने 101 रन बनाए और गुजरात टाइटंस की टीम 100 रन ही बना सकी, यानी टीम तो छोड़िए, तिलक से भी जीटी की टीम एक रन से हार गई। मुंबई इंडियंस के लिए ऐसा कमाल पहले किसी भी खिलाड़ी ने नहीं किया था। इंडियन प्रीमियर लीग की हिस्ट्री में हालांकि ऐसा करने वाले तिलक नौवें खिलाड़ी हैं। यानी इससे पहले आठ बार ऐसा हुआ है। इससे पहले आईपीएल में ये काम साल 2020 यानी छह साल पहले हुआ था। तब पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए केएल राहुल ने नाबाद 109 रन बनाए थे और आरसीबी की टीम राहुल को ही नहीं हरा पाई थी। 

यह भी पढ़ें 

IPL Points Table: मुंबई इंडियंस की जीत से 3 टीमों को नुकसान, अंक तालिका में भयंकर उठापटक

'उनसे बेहतर कोई नहीं', धमाकेदार जीत के बाद हार्दिक ने स्टार खिलाड़ी की दिल खोलकर की तारीफ

Latest Cricket News