MI vs GT: तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक और फिर अश्वनी कुमार की शानदार गेंदबाजों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 में लगातार चार हार के सिलसिले को तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया। इस तरह मुंबई इंडियंस IPL 2026 में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई। मुंबई की इस जीत में तिलक का अहम योगदान रहा। उन्होंने 45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से नाबाद 101 रन की पारी खेली इस तरह मुंबई इंडियंस पांच विकेट पर 199 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम मुंबई की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और महज 15.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई।
पॉइंट्स टेबल में लगाई छलांग
मुंबई इंडियंस की इस सीजन यह लगातार 4 हार के बाद पहली जीत है। इस जीत से मुंबई ने लंबी छलांग लगाते हुए 10वें से सीधे 7वें स्थान पर कब्जा कर लिया है। मुंबई की इस शानदार जीत से कप्तान हार्दिक पांड्या बेहद खुश नजर आए। गुजरात को पहली बार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हराने के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि घर के बाहर जाकर जीतना हमेशा एक चुनौती होती है। अहमदाबाद का मैदान मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादा भाग्यशाली नहीं रहा है, इसलिए यह जीत बहुत संतोषजनक है।
तिलक की तारीफ करते हुए पांड्या ने कहा कि तिलक में जितनी प्रतिभा है, उसे ज्यादा सलाह की जरूरत नहीं है। समय आ गया था कि वह मैदान पर उतरे और अच्छा प्रदर्शन करे। यह टीम के लिए, तिलक के लिए और मुंबई इंडियंस के लिए बहुत जरूरी था।
बुमराह को लेकर कही बड़ी बात
जसप्रीत बुमराह द्वारा गेंदबाजी का आगाज पर हार्दिक ने कहा कि उन्होंने देखा कि काफी लोग पूछ रहे हैं कि बुमराह पहले ओवर से क्यों गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। बात बस इतनी है कि जसप्रीत बुमराह इतने खास हैं कि आप उनका इस्तेमाल वहीं करते हैं जहां टीम को उनकी जरूरत होती है, न कि तब जब आप शुरुआत कर रहे हों। लोगों को यह भी जानना चाहिए कि बुमराह ने IPL में सिर्फ आठ या 9 बार गेंदबाजी की शुरुआत की है। आज हमें यह एहसास हुआ कि हम नई गेंद से सच में कुछ असर डालना चाहते हैं, और उनसे बेहतर कोई नहीं है।
यह भी पढ़ें:
कगिसो रबाडा ने लसिथ मलिंगा को छोड़ा पीछे, 3 विकेट लेते ही किया बड़ा कारनामा
तिलक वर्मा का करिश्मा, क्विंटन डि कॉक का बहुत बड़ा रिकॉर्ड किया ध्वस्त