Tilak Varma: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 में 20 अप्रैल को तिलक वर्मा का तूफान देखने को मिला, जिसने नया इतिहास ही बना दिया। मुंबई इंडियंस के स्टार तिलक वर्मा ने न सिर्फ अपना पहला IPL शतक जड़ा, बल्कि डेथ ओवर्स में ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी की, जो पहले कभी नहीं देखी गई। तिलक ने आखिरी 6 ओवर में 82 रन कूटकर IPL इतिहास में नया कीर्तिमान बना दिया। दरअसल, तिलक वर्मा IPL के इतिहास में आखिरी 6 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड क्विंटन डी कॉक के नाम था। डी कॉक ने साल 2022 में LSG की ओर से खेलते हुए KKR के खिलाफ मैच में 80 रन बनाए थे।
MI ने दिया 200 रनों का लक्ष्य
मुंबई की पारी की बात की जाए तो, पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 199/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआत में कगिसो रबाडा ने झटके देकर मुंबई को दबाव में ला दिया था, लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया।
टॉप ऑर्डर के जल्दी आउट होने के बाद तिलक वर्मा और धीर ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइक रोटेट की और खराब गेंदों पर बाउंड्री लगाई। उनकी साझेदारी ने मुंबई को 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 75 रन तक पहुंचाया। यह साझेदारी 52 रन तक पहुंची, लेकिन 13वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने धीर को आउट कर मजबूत साझेदारी को तोड़ दिया।
चौके से पूरा किया शतक
इसके बाद तिलक वर्मा ने गियर बदल दिया। शुरुआत में संभलकर खेलने वाले तिलक ने मिडिल और डेथ ओवर्स में गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। खासकर प्रसिद्ध कृष्णा के एक ओवर में जमकर रन बटोरते हुए उन्होंने मैच का मोमेंटम मुंबई के पक्ष में कर दिया। इसके बाद 18वें ओवर में अशोक शर्मा के खिलाफ लगातार 5 बाउंड्री जड़ते हुए 26 रन बटोर लिए। फिर आया आखिरी ओवर, जिसमें तिलक ने आखिरी 2 गेंदों पर छक्का और चौका जड़ते हुए अपना पहला IPL शतक पूरा किया और 101 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
यह भी पढ़ें
LSG के लिए आई बड़ी खबर, धाकड़ खिलाड़ी जल्द जुड़ेगा टीम के साथ, 149 की स्ट्राइक रेट से बनाता है रन