1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कगिसो रबाडा ने लसिथ मलिंगा को छोड़ा पीछे, 3 विकेट लेते ही किया बड़ा कारनामा

कगिसो रबाडा ने लसिथ मलिंगा को छोड़ा पीछे, 3 विकेट लेते ही किया बड़ा कारनामा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Apr 20, 2026 09:34 pm IST,  Updated : Apr 20, 2026 09:47 pm IST

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में शानदार गेंदबाजी की। इस मैच में उन्होंने मुंबई के तीन टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।

Kagiso Rabada- India TV Hindi
कगिसो रबाडा Image Source : AP

Kagiso Rabada Record: साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं। जारी आईपीएल सीजन में 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस की टीम का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ। इस आईपीएल मैच में तेज गेंदबाज रबाडा ने नई गेंद से कहर बरपाया, उनके सामने मुंबई इंडियंस के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। मुंबई के टॉप ऑर्डर के 3 बल्लेबाजों को आउट करके रबाडा ने एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है।

कगिसो रबाडा ने लसिथ मलिंगा को छोड़ा पीछे 

आईपीएल में विदेशी तेज गेंदबाज के तौर पर पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ट्रेंट बोल्ट के नाम है। उन्होंने इस लीग में अब तक पावरप्ले में 72 विकेट हासिल किए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर अब कगिसो रबाडा पहुंच चुके हैं। वह आईपीएल में अब तक पावरप्ले में 38 विकेट ले चुके हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में उन्होंने 3 विकेट लेते ही मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है। पावरप्ले में 37 विकेट लेकर लसिथ मलिंगा तीसरे नंबर पर हैं। वहीं 36 विकेट के साथ मोर्ने मोर्केल का नाम चौथे नंबर पर है।

IPL में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले विदेशी गेंदबाज

  • 72: ट्रेंट बोल्ट
  • 38: कगिसो रबाडा
  • 37: लसिथ मलिंगा
  • 36: मोर्ने मोर्कल

IPL 2026 में भी पावरप्ले में रबाडा ने की है शानदार गेंदबाजी

IPL 2026 में भी पावरप्ले में कगिसो रबाडा ने गेंद से कहर बरपाया है। वह इस सीजन पावरप्ले (1-6 ओवर) में सर्वाधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 6 मुकाबलों में पावरप्ले के दौरान अब तक 7 विकेट हासिल किए हैं। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर हैं, उन्होंने इस सीजन 6 मुकाबलों में कुल 8 विकेट अपने नाम किए। इनमें 6 विकेट पावरप्ले के दौरान मिले। लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जैकब डफी 5-5 विकेट के साथ इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।

मुंबई इंडियंस ने गुजरात को सामने रखा 200 का टारगेट

गुजरात के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए हैं। मुंबई के लिए इस मैच में तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। उन्होंने अपनी ये सेंचुरी मात्र 45 गेंदों में पूरी की। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के सहित कुल 15 बाउंड्री लगाए। गुजरात टाइटंस की टीम 200 रन का टारगेट हासिल कर पाती है या नहीं ये देखना दिलचस्प होगा।

यह भी पढ़ें

6,4,4,6,6,6,0: तिलक वर्मा के बल्ले का बवंडर, महज इतनी गेंदों में शतक ठोक रच दिया इतिहास

SRH vs DC Head to Head: हैदराबाद में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद, कैसा है IPL में हेड टू हेड रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल