1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चोट के बावजूद 5वें दिन बल्लेबाजी करेंगे स्टीव स्मिथ? ऑस्ट्रेलिया ने दिया बड़ा अपडेट

चोट के बावजूद 5वें दिन बल्लेबाजी करेंगे स्टीव स्मिथ? ऑस्ट्रेलिया ने दिया बड़ा अपडेट

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 22, 2026 07:36 am IST,  Updated : Oct 22, 2026 07:36 am IST

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया को स्टीव स्मिथ के बल्लेबाजी करने की उम्मीद है। गर्दन में जकड़न के कारण स्मिथ चौथे दिन दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे।

Steve Smith- India TV Hindi
स्टीव स्मिथ Image Source : AFP

ऑस्ट्रेलिया के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट का आखिरी दिन बेहद अहम होने वाला है। पहली पारी में महज 99 रन पर सिमटने के बाद कंगारू टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन उसे उम्मीद है कि अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ गुरुवार को मैदान पर उतरकर पारी संभालेंगे। गर्दन में अकड़न के कारण चौथे दिन दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके स्मिथ को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बड़ा अपडेट दिया है।

गकेबरहा में खेले जा रहे इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 99 रन पर समाप्त हो गई थी। इसके बाद फॉलोऑन खेलने उतरी मेहमान टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में चार विकेट पर 156 रन बना लिए थे। हालांकि, टीम अब भी मुश्किल स्थिति में है और उसे हार से बचने के लिए आखिरी दिन लंबी बल्लेबाजी करनी होगी।

रबाडा की गेंद के बाद बढ़ी थी स्मिथ की परेशानी

स्टीव स्मिथ ने पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 28 रन बनाए थे। इसी दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की। हालांकि, कगिसो रबाडा की एक गेंद खेलने के बाद उनकी गर्दन पीछे की ओर झटके से मुड़ी, जिसके बाद उन्हें परेशानी महसूस हुई।

पहली पारी के आखिरी हिस्से में स्मिथ असहज नजर आए थे। दूसरी पारी के दौरान वह मैदान पर बल्लेबाजी करने नहीं उतरे और ड्रेसिंग रूम में गर्दन के चारों ओर कुशन लगाए दिखाई दिए। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की चिंता बढ़ गई थी, क्योंकि टीम को मुश्किल हालात से निकालने के लिए स्मिथ के अनुभव की जरूरत है।हालांकि, हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने साफ किया कि टीम को उम्मीद है कि स्मिथ पांचवें दिन बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे।

कोच ने दिया फिटनेस पर अपडेट

मैकडोनाल्ड ने कहा कि टीम ने फैसला किया था कि बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ियों को दिन का खेल खत्म होने तक टिकने दिया जाए, ताकि स्मिथ को भी उबरने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके। उन्होंने बताया कि फिजियो स्मिथ के साथ काम कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह अगले दिन बल्लेबाजी करेंगे।

कोच के मुताबिक, गर्दन की परेशानी ऐसी नहीं है कि स्मिथ पूरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर सकें। हालांकि, पहली पारी के बाद उनकी रिकवरी में उम्मीद से ज्यादा समय लगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्मिथ पूरी तरह फिट होने पर भी कभी-कभी अपनी बल्लेबाजी तकनीक में बदलाव करते हैं, लेकिन इस बार चोट के कारण उनकी गतिविधियां सीमित थीं।

ट्रेविस हेड पर टिकी ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ट्रेविस हेड 87 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि नाइटवॉचमैन स्कॉट बोलैंड दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद होगी कि ये दोनों आखिरी दिन टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाएं। पहला विकेट गिरने के बाद स्मिथ के बल्लेबाजी के लिए उतरने की संभावना है। विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी भी अभी बल्लेबाजी के लिए बाकी हैं।

ऑस्ट्रेलिया के कोच ने टीम की वापसी की क्षमता पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ियों की काबिलियत पर उन्हें पूरा विश्वास है और टीम आखिरी दिन मुकाबले का रुख बदलने की कोशिश करेगी। मैकडोनाल्ड ने यह भी कहा कि अगर टीम इस टेस्ट में वापसी नहीं कर पाती है, तो वह केपटाउन में होने वाले अगले मुकाबले के लिए नए सिरे से तैयारी करेगी।

यह भी पढ़ें:

जेम्स एंडरसन के करियर पर लगा ब्रेक? लंकाशायर ने नया कॉन्ट्रैक्ट देने से किया इनकार, संन्यास की अटकलें तेज

वैभव सूर्यवंशी को लेकर खौफ में है कीवी टीम, कप्तान सैंटनर ने 15 साल के खिलाड़ी के लिए बनाया खास प्लान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।