भारत के न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से हो रही है। टी20 सीरीज का पहला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। किशन इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में खेली गई वेस्टइंडीज सीरीज में भी ईशान का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। अब वो न्यूजीलैंड सीरीज में भी इसी प्रदर्शन को बरकरार रखना चाहेंगे।
सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं ईशान किशन
ईशान किशन गुरुवार को क्राइस्टचर्च में होने वाले मैच में एक बड़ा इतिहास रच सकते हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। इस मामले में वह सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ने से महज 7 रन दूर हैं। सूर्यकुमार ने साल 2022 में 1164 रन बनाए थे, जबकि ईशान इस साल अब तक 34 पारियों में 1158 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 37.35 और शानदार स्ट्राइक रेट 172.06 रहा है, जिसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।
मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड तोड़ने से कितने दूर हैं ईशान किशन
ईशान किशन एक और बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं। फुल मेंबर टीमों के बीच किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक साल में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम है, जिन्होंने साल 2021 में 1326 रन बनाए थे। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए ईशान को अभी 139 और रनों की जरूरत है। अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैचों में उनका बल्ला खूब चला, तो वह यह बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। अब देखना ये होगा कि आगामी सीरीज में ईशान का प्रदर्शन कैसा रहता है।
ईशान किशन इस साल कुल 49 टी20 मैचों में 1760 रन बना चुके हैं, जिसमें उनका औसत 38.26 और स्ट्राइक रेट 175 से ज्यादा का रहा है। वह एक कैलेंडर ईयर में कुल 2000 टी20 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने के बहुत करीब हैं और इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 240 और रनों की जरूरत है। अब तक दुनिया में सिर्फ वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ही यह बड़ा कारनामा कर पाए हैं। पूरन ने 2024 में T20 में 2331 रन बनाए थे। वहीं रिजवान ने 2021 में 2036 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें
स्टीव स्मिथ ने छुआ बड़ा मुकाम, टेस्ट क्रिकेट में पूरे किए 11 हजार रन, ऐसा करने वाले बने तीसरे खिलाड़ी
कगिसो रबाडा ने डेल स्टेन को पीछे छोड़कर रच दिया इतिहास, होम ग्राउंड पर पूरे किए 200 टेस्ट विकेट