1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तुषार देशपांडे ने हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी, सात ओवर में झटके पांच विकेट

तुषार देशपांडे ने हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी, सात ओवर में झटके पांच विकेट

तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में मुंबई की ओर से खेलते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाफ ​हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी। उन्होंने तीन नहीं, पांच विकेट अपने नाम किए। इससे विरोधी टीम संकट में नजर आ रही है।

tushar deshpande- India TV Hindi
Image Source : PTI तुषार देशपांडे

रणजी ट्रॉफी 2026 के मुकाबलों में जबरदस्त एक्शन देखने के लिए मिल रहा है। मुंबई और छत्तीसगढ़ के बीच खेले जा रहे मैच में पहले तो मुंबई की टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया, इसके बाद जब गेंदबाजी आई तो विरोधी टीम को संकट में डाल दिया। खास तौर पर तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने तीन बॉल पर तीन विकेट यानी हैट्रिक लेकर सनसनी सी मचा दी। उन्होंने पांच विकेट लेकर छत्तीसगढ़ की कमर तोड़कर रख दी। 

मुंबई ने पहले बैटिंग कर बनाए 429 रन

मुंबई और छत्तीसगढ़ के बीच रणजी ट्रॉफी के एलाइट ग्रुप डी का मैच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने 429 रन बना दिए। मुशीर खान ने 65, सिद्धेश लाड ने 86, तनुष कोटियान ने 58 और मोहित अवस्थी ने 56 रन बनाए। हालांकि टीम के किसी भी बल्लेबाज ने बड़ी पारी तो नहीं खेली, लेकिन छोटा छोटा योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। सलामी बल्लेबाज और स्टार खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल शून्य पर ही आउट हो गए थे। 

पारी के 11वें ओवर में तीन बॉल पर तुषार देशपांडे ने चटकाए तीन विकेट

इसके बाद जब छत्तीसगढ़ की टीम बैटिंग के लिए उतरी तो तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। उन्होंने सबसे पहले अर्सलान खान को केवल दो रन पर बोल्ड कर वापस पवेलियन भेजा और लगातार एक के बाद एक विकेट निकालते चले गए। पारी के 11वें ओवर में देशपांडे ने तीन बॉल पर तीन विकेट ले लिए। इस ओवर की तीसरी बॉल पर उन्होंने अर्जुन आजाद को आउट किया। ओवर की चौथी बॉल पर उन्होंने शिवम भांमर को चलता किया। इसके बाद पांचवीं बॉल पर दीपेंद्र कुश को आउट कर हैट्रिक पूरी कर ली। 

मुंबई को पहली पारी के आधार पर मिल जाएगी बड़ी लीड

जब छत्तीसगढ़ के आठ विकेट गिरे थे, तब तक तुषार देशपांडे पांच विकेट अपने नाम कर चुके थे। उन्होंने इस दौरान केवल 7 ओवर की गेंदबाजी की और केवल 17 रन देकर आधी टीम को आउट करने में कामयाबी हासिल कर ली। तब तक टीम 100 रन भी नहीं बना पाई थी। इसके बाद अब ये करीब करीब तय हो गया है कि पहली पारी के आधार पर मुंबई को एक बड़ी और अहम लीड मिलने जा रही है। अब बचे हुए बल्लेबाज कितने और रन बना पाएंगे, ये देखना दिलचस्प होगा। 

यह भी पढ़ें 

क्रिकेट में गजब संयोग, मैच की दोनों पारियों में गेंद और रन बराबर, 44 पारियों से नहीं आई सेंचुरी

करीब दस साल बाद टेस्ट टीम में वापसी, लेकिन ​फिर भी फ्लॉप, पहली पारी में तो डक पर आउट

Latest Cricket News