A
Hindi News खेल क्रिकेट टीम को लगा तगड़ा झटका, 38 साल का सलामी बल्लेबाज चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर, भविष्य पर उठे सवाल

टीम को लगा तगड़ा झटका, 38 साल का सलामी बल्लेबाज चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर, भविष्य पर उठे सवाल

ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 4 दिसंबर से गाबा में एशेज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। इस मैच से पहले मेजबान ऑस्ट्रेलिया के लिए बुरी खबर आई है।

Usman Khwaja- India TV Hindi Image Source : PTI उस्मान ख्वाजा

Usman Khwaja: ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा का भविष्य अब संकट में नजर आ रहा है। ख्वाजा पीठ में ऐंठन से पूरी तरह उबरने में असफल रहने के कारण गाबा में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। यह चोट उन्हें पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान लगी थी। ख्वाजा ने 2 दिसंबर को करीब 30 मिनट का नेट सेशन किया, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें मैच के लिए फिट नहीं माना। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी कर कहा कि ख्वाजा टीम के साथ रहकर ही अपनी रिकवरी जारी रखेंगे। उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है।

ख्वाजा की गैरमौजूदगी में अब ट्रैविस हेड एक बार फिर ओपनिंग करने उतरेंगे। पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने सिर्फ 83 गेंदों में 123 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।  जॉश इंग्लिस और ब्यू वेब्स्टर अतिरिक्त बल्लेबाज ऑप्शन के तौर पर स्क्वॉड में मौजूद हैं।

फॉर्म पर उठ रहे सवाल

ख्वाजा की फॉर्म पहले से ही सवालों के घेरे में रही है। 2023 एशेज के बाद से वह 31.84 की औसत से रन बना पाए हैं और इस दौरान 45 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ एक शतक आया है। अब चोट के साथ-साथ ट्रैविस हेड का ओपनिंग में शानदार प्रदर्शन उनकी टीम में वापसी को मुश्किल बना सकता है। हेड साफ तौर पर कह चुके है किं वह ओपनिंग करने के लिए तैयार हैं। ऐसे में चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह ख्वाजा के टेस्ट करियर के अंत की शुरुआत है?

एडिलेड टेस्ट अंतिम उम्मीद?

सीरीज का तीसरा टेस्ट 17 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। ख्वाजा के पास फिट होने के लिए करीब दो हफ्तों का समय है, लेकिन अगर हेड फिर से कमाल कर देते हैं और जगह पाने वाला नया खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करता है, तो ख्वाजा की वापसी का रास्ता बेहद कठिन हो जाएगा। ख्वाजा को एशेज के पहले टेस्ट के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगी थी और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद उनकी जगह हेड ने आकर कमाल कर दिया और अब वही प्रदर्शन उनकी जगह पर कब्जा कर सकता है। ऑस्ट्रेलिया के इस अनुभवी ओपनर के लिए आने वाले कुछ हफ्ते उनके करियर को दिशा देने में अहम साबित होंगे। फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों अब उनकी फिटनेस और वापसी पर नजरें लगाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें:

NZ vs WI: केन विलियमसन ने टेस्ट में कमबैक करते ही किया कमाल, दिग्गज हाशिम अमला को पछाड़ दिया

वर्ल्ड कप से डेढ़ महीने पहले ही टीम का हो गया ऐलान, 19 साल के गेंदबाज को बनाया गया कप्तान

Latest Cricket News