1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. NZ vs WI: केन विलियमसन ने टेस्ट में कमबैक करते ही किया कमाल, दिग्गज हाशिम अमला को पछाड़ दिया

NZ vs WI: केन विलियमसन ने टेस्ट में कमबैक करते ही किया कमाल, दिग्गज हाशिम अमला को पछाड़ दिया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 02, 2025 07:12 am IST,  Updated : Dec 02, 2025 07:12 am IST

केन विलियमसन की टेस्ट क्रिकेट में वापसी हो चुकी है। केन क्राइस्टचर्च में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेल रहे हैं।

Kane Williamson- India TV Hindi
केन विलियमसन Image Source : AP

Kane Williamson: न्यूजीलैंड की धरती पर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में पहले टेस्ट मैच का आगाज हो चुका है। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच से न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन की लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी हुई। केन विलियमसन करीब 1 साल बाद टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच पिछले साल 14 से 17 दिसंबर के बीच हैमिल्टन में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।

पहले ही ओवर में डेवोन कॉनवे डक पर आउट

वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यूजीलैंड की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। पहले ही ओवर में कॉनवे वेस्टइंडीज के केमार रोच का शिकार बने।कॉनवे सिर्फ 2 गेंदों का सामना कर सके। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद केन विलियमसन मैदान पर आए और 7 रन बनाते ही खास मुकाम हासिल कर लिया। दरअसल, केन विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में साउथ अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर हाशिम अमला को पीछे छोड़ दिया है।

केन विलियमसन ने छुआ खास मुकाम

इस मैच से पहले केन विलियमसन के नाम टेस्ट क्रिकेट में 105 मैचों की 176 पारियों में 9276 रन थे। 7 रन बनाते ही वह हाशिम अमला से आगे निकल गए। अमला ने 124 टेस्ट मैचों की 215 पारियों में 46.64 के औसत से 9282 रन बनाए थे। अब केन टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 16वें पायदान पर पहुंच गए हैं। केन के निशाने पर अब 10000 टेस्ट रनों का आंकड़ा है, जिससे वह ज्यादा दूर नहीं हैं। अगर केन 10000 टेस्ट रन बनाने में सफल होते हैं, तो वह ऐसा करने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज

  • केन विलियमसन - 9305*
  • रॉस टेलर - 7683
  • स्टीफन फ्लेमिंग - 7172
  • ब्रेंडन मैकुलम - 6453
  • टॉम लैथम - 5841

गौरतलब है कि केन विलियमसन टेस्ट में 9000 से ज्यादा रनों के साथ दुनिया के तीसरे एक्टिव बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ जो रूट और स्टीव स्मिथ हैं। जो रूट 13551 रन बनाकर अभी भी खेल रहे हैं। वहीं, स्टीव स्मिथ 10496 रनों के साथ क्रिकेट में सक्रिय हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन, रचिन रवींद्र, विल यंग, ​​टॉम ब्लंडेल (विकेट कीपर), माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, जकारी फौल्केस, मैट हेनरी, जैकब डफी।

वेस्टइंडीज की प्लेइंग XI: टेगनेरिन चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक अथानाजे, शे होप, रोस्टन चेज (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, टेविन इमलाच (विकेट कीपर), केमार रोच, जोहान लेने, जेडन सील्स, ओजे शील्ड्स।

यह भी पढ़ें

वापसी के लिए तैयार है टीम इंडिया का ये धाकड़ खिलाड़ी, टेस्ट किया पास

पिंक बॉल टेस्ट में कैसा रहा है मिचेल स्टार्क का प्रदर्शन, आंकड़े देखकर उड़ जाएगी अंग्रेज बल्लेबाजों की नींद!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल