1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'भगवान उन्हें खुश रखें', गोविंदा और कोमल रानी पर सुनीता आहूजा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- उन्हें अपनी मर्जी से जीनें दें

'भगवान उन्हें खुश रखें', गोविंदा और कोमल रानी पर सुनीता आहूजा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- उन्हें अपनी मर्जी से जीनें दें

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 29, 2026 11:27 am IST,  Updated : Sep 29, 2026 12:13 pm IST

गोविंदा और कोमल रानी को लेकर जारी विवाद के बीच सुनीता आहूजा ने कहा कि उन्हें अभिनेता या उनकी को-स्टार के बारे में कुछ नहीं कहना है। उन्होंने दोनों की खुशी की दुआ करने की बात कही।

Sunita govinda komal rani- India TV Hindi
सुनीता आहूजा और कोमल रानी। Image Source : SUNITA INSTAGRAM VIRAL BHAYANI

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं हो रही हैं। कभी दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आईं तो कभी सुनीता के बयानों ने सुर्खियां बटोरीं। इसी बीच गोविंदा का नाम उनकी को-स्टार कोमल रानी के साथ जोड़े जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। दोनों लालबागचा राजा के दर्शन करने साथ पहुंचे जिसके बाद अफवाहों को और तूल मिल गई। अब इस पूरे मामले पर सुनीता आहूजा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जो कहा वो फैंस को चौंकाने वाला है। सुनीता ने ये रिक्शन दिव्या खोसला कुमार के बयान के सामने आने के बाद दिया है।

गोविंदा और कोमल रानी को लेकर सुनीता ने क्या कहा?

सरिश मीडिया से बातचीत के दौरान सुनीता आहूजा से गोविंदा और उनकी को-स्टार कोमल रानी को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सुनीता ने कहा कि वह गोविंदा या उनकी को-स्टार के बारे में कुछ नहीं कहना चाहतीं। उन्होंने यह भी कहा कि वह देख रही हैं कि गोविंदा खुश हैं और वह उनके लिए खुश रहने की दुआ करती हैं। सुनीता ने कहा, 'मुझे गोविंदा या उनकी को-स्टार के बारे में कुछ नहीं कहना है। मैं देख रही हूं कि वह खुश हैं, भगवान उन्हें आशीर्वाद और खुश रखें। उन्हें अपनी जिंदगी अपनी मर्जी से जीने दें, क्योंकि मैं इन सब चीजों पर ध्यान नहीं देना चाहती।' उन्होंने आगे कहा कि वह सिर्फ यही प्रार्थना करती हैं कि गोविंदा जहां भी हों और जिसके साथ भी हों, खुश रहें।

कोमल रानी के साथ नाम जुड़ने के बाद बढ़ी चर्चा

गोविंदा और कोमल रानी का नाम उस वक्त चर्चा में आया, जब दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया। खास तौर पर लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान दोनों की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर काफी ध्यान खींचा। इसी दौरान सुनीता आहूजा भी अलग से लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंची थीं। इसके बाद गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। कोमल रानी ने भी सुनीता के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनका नाम लेकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने खुद पर लगाए जा रहे 'होमब्रेकर' जैसे आरोपों पर भी नाराजगी जाहिर की थी।

सुनीता पहले भी कर चुकी हैं कोमल का जिक्र

यह पहली बार नहीं है जब सुनीता आहूजा ने गोविंदा की जिंदगी में किसी कोमल नाम की महिला को लेकर बात की हो। हालांकि बाद में गोविंदा ने कोमल रानी को अपनी फिल्म 'रूपा' की को-स्टार के तौर पर पेश किया। इसके बाद दोनों की साथ में सार्वजनिक मौजूदगी ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया। इसी वजह से सुनीता के पुराने बयानों को भी सोशल मीडिया पर दोबारा शेयर किया जाने लगा। हालांकि अपने ताजा बयान में सुनीता ने गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते पर सीधे तौर पर कुछ भी कहने से दूरी बना ली है।

सुनीता ने शेयर किया दिव्या खोसला कुमार का पोस्ट

इस विवाद के बीच अभिनेत्री दिव्या खोसला कुमार का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आया। दिव्या ने रिश्तों, महिलाओं के आत्मसम्मान और शादीशुदा जिंदगी को लेकर अपनी राय जाहिर की थी। सुनीता आहूजा ने दिव्या की इस पोस्ट को री-शेयर किया। दिव्या ने अपने लंबे पोस्ट में सुनीता का समर्थन करते हुए कहा कि एक महिला ने अपने परिवार और बच्चों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने सुनीता को संबोधित करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने पति का साथ दिया, बच्चों की परवरिश की और अपने करियर की बजाय परिवार को प्राथमिकता दी। दिव्या ने गोविंदा को एक वरिष्ठ और सम्मानित अभिनेता बताते हुए कहा कि वह हमेशा उनकी प्रशंसक रही हैं। हालांकि उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब किसी महिला ने अपना पूरा जीवन परिवार को दिया हो, तो उम्र के इस पड़ाव पर उसे अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर इस तरह की परेशानियों का सामना क्यों करना पड़ रहा है।

sunita ahuja
Image Source : SUNITA AHUJA INSTAGRAMसुनीता आहूजा ने शेयर किया दिव्या खोसला का पोस्ट।

कोमल रानी पर भी साधा निशाना

दिव्या खोसला कुमार ने अपने पोस्ट में कोमल रानी की सुनीता आहूजा को लेकर की गई कथित टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि निजी रिश्तों से जुड़े विवादों को सार्वजनिक तमाशा नहीं बनाया जाना चाहिए। दिव्या ने यह भी लिखा कि वह सुनीता के दर्द को महसूस कर सकती हैं और उन्हें इस स्थिति को देखकर दुख होता है। उन्होंने आगे कहा कि सुनीता ने अपनी जिंदगी के कई साल अपने परिवार और पति के साथ बिताए हैं। ऐसे में उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें अपने पति के साथ सम्मान और साथ मिलना चाहिए।

1987 में हुई थी गोविंदा और सुनीता की शादी

गोविंदा और सुनीता आहूजा ने साल 1987 में शादी की थी। उस वक्त गोविंदा ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनानी शुरू ही की थी। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। सुनीता की ओर से तलाक की अर्जी दिए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी, हालांकि बाद में उनके द्वारा इसे वापस लेने की बात कही गई। अब ताजा विवाद के बीच सुनीता का कहना है कि वह इन मामलों पर ध्यान नहीं देना चाहतीं और गोविंदा के लिए सिर्फ खुश रहने की दुआ करती हैं।

ये भी पढ़ें: ‘वो अदनान सामी है', समय रैना के शो में पाकिस्तानी जासूस वाले जोक पर सिंगर का पलटवार- ‘पहले मुझसे राइट्स लो’

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।