1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ‘वो अदनान सामी है', समय रैना के शो में पाकिस्तानी जासूस वाले जोक पर सिंगर का पलटवार- ‘पहले मुझसे राइट्स लो’

‘वो अदनान सामी है', समय रैना के शो में पाकिस्तानी जासूस वाले जोक पर सिंगर का पलटवार- ‘पहले मुझसे राइट्स लो’

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 28, 2026 05:23 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 05:23 pm IST

‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में आयुष्मान खुराना की ‘उड़ता तीर’ पर कुल्लू ने अदनान सामी को लेकर मजाक किया। अदनान ने भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए फिल्म बनाने से पहले राइट्स लेने की बात कही।

adnan sami- India TV Hindi
अदनान सामी, कुल्लू, आयुषमान खुराना और समय रैना। Image Source : ADNAN SAMI INSTA, KULLU INSTAGRAM

कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना अपनी अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। शो में फिल्म की कहानी का जिक्र होते ही पैनल में मौजूद कॉमेडियन कुल्लू ने ऐसा मजाक कर दिया कि वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। खास बात यह है कि इस मजाक में सिंगर अदनान सामी का नाम भी आया। अब अदनान सामी ने खुद इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है, जो चर्चा में है।

आयुष्मान ने बताई फिल्म की कहानी

दरअसल आयुष्मान खुराना इस एपिसोड में पैनलिस्ट के तौर पर पहुंचे थे। उनके साथ कॉमेडियन कुल्लू, राजत सूद और मेंटलिस्ट सुहानी शाह भी पैनल का हिस्सा थे। शो के दौरान समय रैना ने आयुष्मान से उनकी आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर सवाल किया। इस पर आयुष्मान ने फिल्म की कहानी के बारे में बताया कि यह भारत की पहली पैट्रियॉटिक कॉमेडी के साथ-साथ स्पाई कॉमेडी भी है। आयुष्मान ने बताया कि फिल्म में वह एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो भारत आता है। यहां एक हादसे के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारतीय समझने लगता है। उसे देशभक्ति याद रहती है, लेकिन वह यह भूल जाता है कि वह किस देश से ताल्लुक रखता है। आयुष्मान के इस जवाब के तुरंत बाद कुल्लू ने अदनान सामी का नाम लेते हुए मजाक कर दिया।

यहां देखें वीडियो

‘वो अदनान सामी है’ पर खूब हंसा पैनल

आयुष्मान के किरदार का जिक्र सुनते ही कुल्लू ने कहा, 'वो अदनान सामी है।' उनके इस वन-लाइनर के बाद शो में मौजूद लोग हंसने लगे। इस मजाक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया, जहां यह क्लिप तेजी से वायरल हो गई। मजाक की वजह अदनान सामी की नागरिकता से जुड़ी उनकी सार्वजनिक रूप से चर्चित कहानी थी, जिसके चलते दर्शकों को भी यह पंचलाइन तुरंत समझ आ गई।

अदनान सामी ने भी दिया मजेदार जवाब

वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचने के बाद अदनान सामी ने खुद इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो के कमेंट सेक्शन में लिखा, “पहले मुझसे ‘राइट्स’ लो और फिर फिल्म बनाओ!!!!” अदनान का यह जवाब भी लोगों को काफी मजेदार लगा और देखते ही देखते चर्चा का हिस्सा बन गया। इस तरह शो में किया गया छोटा-सा मजाक अदनान सामी की प्रतिक्रिया के बाद और ज्यादा सुर्खियों में आ गया।

अदनान सामी ने 2016 में ली थी भारतीय नागरिकता

अदनान सामी लंबे समय से भारत में रहकर संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने पहले पाकिस्तानी नागरिकता रखी थी। इसके बाद 2016 की शुरुआत में उन्हें प्राकृतिककरण यानी नेचुरलाइजेशन की प्रक्रिया के तहत भारतीय नागरिकता प्रदान की गई थी। उनकी नागरिकता से जुड़ा यह बदलाव कई वर्षों से सार्वजनिक चर्चा का विषय रहा है और इसी वजह से ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में किए गए मजाक को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।

क्या है ‘उड़ता तीर’ की कहानी?

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की मुख्य भूमिकाओं वाली ‘उड़ता तीर’ का निर्देशन आकाश ए कौलशिक कर रहे हैं। यह उनकी बतौर निर्देशक पहली फिल्म है। फिल्म में आयुष्मान बिलाल अहमद नाम के एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं। भारत पहुंचने के बाद एक हादसे में उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारतीय जासूस समझने लगता है। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है। ‘उड़ता तीर’ सिनेमाघरों में 9 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।

आयुष्मान के लिए चुनौतीपूर्ण रहा किरदार

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान आयुष्मान ने अपने किरदार को अपने करियर का सबसे मुश्किल किरदार बताया था। उन्होंने कहा था कि कहानी में उनके आसपास लगातार अजीब और हास्यास्पद घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन उनके किरदार को पूरे समय गंभीर और सामान्य बने रहना था। ऐसे माहौल में हंसी रोककर सीधे चेहरे के साथ अभिनय करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा।

ये भी पढ़ें: 'किसी के भरोसे मत रहो', खुशबू पाटनी ने लड़कियों को क्यों दिखाई एयर पिस्टल, जमुई केस के बाद दिया सेल्फ डिफेंस मंत्र

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।