1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड में लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप, एक बार फिर बने जोफ्रा आर्चर का शिकार

वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड में लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप, एक बार फिर बने जोफ्रा आर्चर का शिकार

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे T20I में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 10 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव को एक बार जोफ्रा आर्चर ने अपना शिकार बनाया।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
Image Source : AFP वैभव सूर्यवंशी

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में खेले गए चौथे T20I मुकाबले में 15 साल के युवा बल्लेबाज ने शुरुआत तो आक्रामक अंदाज में की, लेकिन कुछ आकर्षक शॉट खेलने के बाद उनकी पारी 15 रन पर सिमट गई। इस तरह इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बड़ी पारी खेलने का उनका इंतजार अभी भी जारी है।

इंग्लैंड के खिलाफ चल रही T20I सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को लगातार मौके मिल रहे हैं, लेकिन अब तक वह अपनी प्रतिभा के अनुरूप बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। ब्रिस्टल में भी उन्होंने तेज शुरुआत से उम्मीदें जगाईं, मगर उसे लंबे समय तक बरकरार नहीं रख सके। ।

चौके-छक्के से की शुरुआत

वैभव ने पारी की शुरुआत आत्मविश्वास के साथ की। दूसरे ओवर में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग के खिलाफ उन्होंने एक शानदार चौका और एक दमदार छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए। उनकी बल्लेबाजी देखकर लगा कि इस बार वह बड़ी पारी खेल सकते हैं। हालांकि, सीरीज की तरह इस मुकाबले में भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने वैभव की मुश्किलें बढ़ा दीं। राजस्थान रॉयल्स में उनके साथी खिलाड़ी रहे आर्चर की तेज रफ्तार और अतिरिक्त उछाल के सामने वैभव सहज नजर नहीं आए और आखिरकार 10 गेंदों में 15 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। इससे पहले उनके बल्ले से 14 और फिर 13 रन की पारी आई थी।

15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा की झलक जरूर दिखाई है, लेकिन अब तक वह उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं। टीम इंडिया को आने वाले मुकाबलों में उनसे एक मैच जिताऊ प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। वरना युवा बल्लेबाज के लिए टीम में बने रहना मुश्किल हो जाएगा।

एक साथ 2 खिलाड़ी बाहर

भारत बनाम इंग्लैंड चौथे T20I मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। भारतीय टीम में 2 बदलाव हैं। हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है। 

इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरेन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग।

भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

यह भी पढ़ें:

फिर नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, जोफ्रा आर्चर ने कुछ ऐसे बनाया शिकार

वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया डेब्यू की खबर सबसे पहले किसे सुनाई? BCCI ने शेयर किया दिल छू लेने वाला VIDEO

Latest Cricket News