A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में क्या है रुकावट, आसान नहीं है श्रेयस अय्यर के लिए आखिरी फैसला

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में क्या है रुकावट, आसान नहीं है श्रेयस अय्यर के लिए आखिरी फैसला

वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका कब मिलेगा। इसका सीधा सा जवाब है कि आज वे पहला मैच खेल सकते हैं, लेकिन ये काम इतना आसान नहीं है। कप्तान श्रेयस अय्यर क्या फैसला करते हैं, आज शाम को खुलासा हो जाएगा।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
Image Source : AP वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी इस वक्त टीम इंडिया के साथ हैं। भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली टी20 मैचों की सीरीज के लिए उन्हें टीम में चुना गया है। उम्मीद की जा रही है कि वे आज यानी 26 जून को अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। हालांकि ये इतना आसान काम नहीं हैं। श्रेयस अय्यर को अपने पहले ही मैच में बतौर कप्तान कड़ा और बड़ा फैसला लेना है। आखिर वो कौन है, जो वैभव के डेब्यू की राह को रोक रहा है। 

अभी टीम के लिए ​अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन कर रहे हैं ओपनिंग

भारत और आयरलैंड के बीच आज टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का आगाज हो रहा है। पहला मुकाबला आज शाम छह बजे से खेला जाएगा। संभावना है कि आज वैभव डेब्यू कर जाएंगे, लेकिन उनके लिए ये राह आसान नहीं है। दरअसल वैभव ओपनिंग के लिए ही उतरेंगे। इस वक्त टीम इंडिया में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पारी का आगाज कर रहे हैं। अभिषेक शर्मा इस वक्त आईसीसी टी20 रैंकिंग के नंबर एक बल्लेबाज हैं। संजू सैमसन रैंकिंग में तो बहुत आगे नहीं हैं, लेकिन सब जानते हैं कि आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के आखिरी तीन मैचों में संजू ने कैसी जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और उसी की बदौलत भारत ने विश्व कप के खिताब पर कब्जा किया था। 

टॉप 3 में नहीं बन पा रही है वैभव की जगह

अगर मान लिया जाए कि ओपनिंग जोड़ी से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी और वैभव को तीसरे नंबर पर उतारा जाए तो वहां पर पहले ही ईशान किशन मौजूद हैं। ईशान ने अपनी वापसी के बाद जबरदस्त बल्लेबाजी की है। वे भी आईसीसी टी20 रैंकिंग में इस वक्त अभिषेक के बाद दूसरे नंबर पर आते हैं। ऐसे में टॉप 3 में तो कम से कम वैभव की जगह नहीं बनती है। इसके बाद तिलक वर्मा और श्रेयस अय्यर का नंबर आता है। इसके नीचे तो वैभव खेलने से रहे। 

आज शाम तक श्रेयस अय्यर को लेना है फैसला

अब कप्तान श्रेयस अय्यर को फैसला लेना है कि वैभव को टीम में एंट्री के साथ ही डेब्यू दे देना है या फिर टीम के साथ अभी उन्हें घुलने मिलने दिया जाए और जब वे बेहतर महसूस करने लगें, तब उन्हें पहला मैच खेलने दिया जाएगा। या फिर टॉप 3 में से किसी को बाहर कर तुरंत वैभव को डेब्यू के लिए मौका दे दिया जाए। इन सभी बातों से पर्दा आज शाम को करीब साढ़े पांच बजे उठा जाएगा, जब कप्तान मैच के टॉस के लिए मैदान में उतरेंगे। 

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू के लिए करना होगा इंतजार? कोच के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस

सचिन तेंदुलकर और पृथ्वी शॉ ने कितनी उम्र में किया था इंटरनेशनल डेब्यू, अब वैभव सूर्यवंशी का नंबर

Latest Cricket News