आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने से पहले ही टीम इंडिया को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, जिसके पीछे सबसे बड़ी वजह ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी थे। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले से पहले वैभव ने कुछ मैचों में अपने बल्ले का कमाल तो दिखाया लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो पा रहे थे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मैच में उनके बल्ले से तूफानी पारी देखने को मिली। वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ फाइनल मैच में 80 गेंदों में 15 चौके और 15 छक्के के दम पर 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसके दम पर उन्हें टीम इंडिया के ट्रॉफी जीतने के बाद 2 बड़े अवॉर्ड भी मिले जिसके साथ ही उनके नाम एक ऐसा कीर्तिमान दर्ज हो गया जो पहले कोई भी खिलाड़ी अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में करने में कामयाब नहीं हो सका था।
फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच और टूर्नामेंट जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने वैभव
वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में 175 रनों की शानदार पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी दिया गया। इसी के साथ वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए जो फाइनल मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दोनों अवॉर्ड को अपने नाम करने में कामयाब रहे। वैभव के बल्ले से इस पूरे टूर्नामेंट में 7 मैचों में 62.71 के औसत से 439 रन देखने को मिले, जिसमें उन्होंने 41 चौके और 30 छक्के लगाए। इसमें वैभव ने तीन अर्धशतकीय पारियां और एक शतकीय पारी भी खेली।
मुझे पता है कि मैं बड़े मैचों में और प्रेशर में परफॉर्म कर सकता हूं
वैभव सूर्यवंशी U19 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द मैच फाइनल और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दोनों अवॉर्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ये अवॉर्ड जीतने पर कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। सारी तैयारी, सपोर्ट स्टाफ की मेहनत का नतीजा है, हमने जितने भी मैच खेले - एशिया कप और उससे पहले की सीरीज, सभी से हमें कुछ ना कुछ सीखने को मिला। मैं यह अवॉर्ड पूरे सपोर्ट स्टाफ को डेडिकेट करना चाहता हूं।
हमने खुद पर विश्वास करने और टूर्नामेंट की शुरुआत से जिस प्रोसेस को हम फॉलो कर रहे थे, उस पर भरोसा करने पर ध्यान दिया। तैयारी एशिया कप से और उससे भी पहले शुरू हो गई थी। पिछले आठ-नौ महीनों से सपोर्ट स्टाफ और टीम एक साथ काम कर रहे हैं। उस तैयारी ने हमें आज यहां तक पहुंचाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। मुझे अपनी स्किल्स पर बहुत भरोसा है जो मैंने डेवलप की हैं। मुझे पता है कि मैं बड़े मैचों में और प्रेशर में परफॉर्म कर सकता हूं, इसलिए मैं कॉन्फिडेंट रहा और विश्वास बनाए रखा।
ये भी पढ़ें
T20 वर्ल्ड कप के पहले दिन हो सकता है बड़ा उलटफेर, वर्ल्ड कप चैंपियन टीम को रहना होगा सावधान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया की स्क्वाड में हुआ बड़ा बदलाव, इस खिलाड़ी की अचानक हुई एंट्री
Latest Cricket News