IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले ODI मुकाबले के दौरान वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में एक अनोखा और मजेदार नजारा देखने को मिला। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को 11 जनवरी को बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) की ओर से सम्मानित किया गया। यह मैच इसलिए भी खास था क्योंकि कोटांबी स्टेडियम पहली बार मेन्स ODI इंटरनेशनल की मेजबानी कर रहा था।
रोहित और विराट हुए सम्मानित
न्यूजीलैंड की पारी खत्म होने के बाद रोहित और कोहली को फूलों के गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया गया, लेकिन इस छोटे से समारोह का अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। ICC चैयरमैन जय शाह और BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास की मौजूदगी में BCA ने एक अलमारी तैयार की, जिस पर रोहित शर्मा और विराट कोहली के लाइफ-साइज स्टिकर लगाए गए थे। सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब दोनों सीनियर खिलाड़ी उसी कपबोर्ड के अंदर खड़े किए गए और फिर उनके नाम पुकारे जाने पर उन्हें बाहर लाया गया। इस अनोखे तरीके को देखकर स्टेडियम में मौजूद दर्शक और क्रिकेट फैंस हंसी से लोटपोट हो गए। सोशल मीडिया पर इसे रोहित-कोहली की अनबॉक्सिंग सेरेमनी तक कहा जाने लगा।
फैंस ने जमकर उठाया लुत्फ
खास बात यह रही कि खुद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी इस मजाकिया अंदाज का पूरा लुत्फ उठाया। दोनों खिलाड़ी गुलदस्ते स्वीकार करते वक्त अपनी हंसी नहीं रोक पाए और माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इस तरह कोटांबी स्टेडियम में हुआ यह यादगार सम्मान समारोह फैंस के लिए एक मजेदार क्रिकेट मोमेंट बन गया।
भारत को मिला 301 रनों का लक्ष्य
न्यूजीलैंड की पारी की बात की जाए तो सलामी बल्लेबाज डेवान कॉन्वे और हेनरी निकोल्स ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि, दोनों ओपनर अर्धशतक जड़ने के बाद पवेलियन लौट गए। कॉन्वे ने 56 और हेनरी ने 62 रन बनाए। इसके बाद डेरिल मिचेल के 84 रनों की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 300 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। कुलदीप यादव को सिर्फ एक विकेट मिला।
यह भी पढ़ें
मेग लैनिंग ने WPL रचा इतिहास, इस मामले में तोड़ दिया एलिस पेरी का बड़ा रिकॉर्ड
विराट कोहली ने मैदान पर उतरते ही किया बड़ा कारनामा, छोड़ दिया सौरव गांगुली को पीछे
Latest Cricket News