विराट कोहली आज आईपीएल 2025 के अपने तीसरे मैच में उतरे, लेकिन अपने होम ग्राउंड यानी बेंगलुरु में वे ज्यादा कुछ नहीं कर सके। वे सस्ते में आउट हो गए। हालांकि उम्मीद की जा रही थी कि वे 13 हजार टी20 रनों का आंकड़ा पार कर लेंगे, लेकिन इससे पहले कि वे ऐसा कर पाते गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज अरशद खान ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। एक छोटी सी पारी के बाद भी वे एक रिकॉर्ड अपने नाम कर गए। उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड को पीछे छोड़ दिया है।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ अब विराट कोहली के हो गए हैं सबसे ज्यादा रन
गुजरात टाइटंस की टीम ने साल 2022 में पहली बार आईपीएल खेला था। तब से लेकर अब तक इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड हुआ करते थे। रुतुराज गायकवाड ने जीटी के खिलाफ अब तक सात मैचों की सात पारियां खेलकर 350 रन बनाए हैं। गायकवाड ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक तो नहीं लगाया है, लेकिन वे चार अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे हैं। लेकिन अब विराट कोहली ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड के बाद सूर्यकुमार यादव तीसरे नंबर पर
विराट कोहली अब तक गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 मैचों की 6 पारियों में 351 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 101 रनों की नाबाद पारी भी खेली है। पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज के बारे में तो आपने जान लिया, अब तीसरे के बारे में भी जानकारी हासिल कर लीजिए। तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 5 मैचों की पांच पारियों में 248 रन बनाए हैं, हालांकि वे काफी पीछे हैं।
लगातार घटते जा रहे हैं विराट के रन
विराट कोहली ने इस साल के आईपीएल में शानदार शुरुआत की थी, जब उन्होंने केकेआर के खिलाफ ईडन गार्डेंस में नाबाद 59 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद जब वे सीएसके के खिलाफ उतरे तो 31 रनों की पारी उन्होंने खेली, लेकिन जीटी के खिलाफ इस मैच में वे 6 बॉल पर 7 रन ही बनाए, जिसमें एक ही चौका शामिल रहा। यानी लगातार उनके रन कम होते जा रहे हैं। अब देखना होगा कि वे टी20 क्रिकेट में अपने 13 हजार रन कब पूरे करते हैं।
यह भी पढ़ें
IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स के लिए आई अच्छी खबर, अब होने जा रहा है ये बदलाव
यशस्वी जायसवाल छोड़ रहे हैं अपनी टीम, अब यहां से खेलते हुए आएंगे नजर
Latest Cricket News