सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए विराट कोहली, 17 साल बाद किसी भारतीय ने किया ये कमाल
Virat Kohli: विराट कोहली एक एककर सचिन तेंदुलकर के कई कीर्तिमान ध्वस्त करते चले जा रहे हैं। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भी कोहली ने यही काम किया और बतौर भारतीय बल्लेबाज पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
Virat Kohli Record: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस वक्त जबरदस्त फार्म में चल रहे हैं। जब भी कोहली मैदान में उतरते हैं तो कोई ना कोई कारनामा कर ही देते हैं। अब राजकोट में खेले जा रहे भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे मुकाबले में उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को एक और मामले में पीछे कर दिया है। खास बात ये है कि जो काम पिछले 17 साल से नहीं हो पाया था, वो काम कोहली ने कर दिखाया है। अब विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज सीरीज के पहले मैच में विराट कोहली शतक से चूक गए थे। उन्होंने धमाकेदार अंदाज में 93 रनों की पारी खेली थी। इसी मैच में वे सचिन का एक और रिकॉर्ड तोड़ सकते थे, लेकिन ये काम अधूरा रह गया। लेकिन राजकोट में ये अधूरा काम भी पूरा कर दिया। अब वे सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि दुनियाभर के बल्लेबाजों की बात की जाए तो वहां अभी भी रिकी पोंटिंग पहले नंबर पर बने हुए हैं।
रिकी पोंटिंग अभी भी कोहली से आगे
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रिकी पोंटिंग हैं। उन्होंने 51 मैच खेलकर 1971 रन बनाने का काम किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पोटिंग ने छह शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। बात विराट कोहली की करें तो उन्होंने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 मैच खेलकर 1760 से अधिक रन बना लिए हैं। कोहली अब तक इस टीम के खिलाफ 6 शतक और 10 अर्धशतक जमा चुके हैं। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 मुकाबले खेलकर 1750 रन बनाने का काम किया था।
सचिन तेंदुलकर ने साल 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था आखिरी वनडे मुकाबला
सचिन तेंदुलकर ने साल 1990 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे मैच खेला था और तब से लेकर साल 2009 तक खेलते रहे। इस दौरान सचिन ने इस टीम के खिलाफ 5 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं। यानी सचिन ने साल 2009 के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे नहीं खेला। इस तरह से देखें तो करीब 17 साल बाद सचिन का ये रिकॉर्ड टूटा है। अभी कोहली के पास मौका होगा कि रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर वे इस लिस्ट में भी पहले नंबर पर पहुंच जाएं। हालांकि इसके लिए उन्हें अभी कुछ दिन का इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: विराट कोहली बने आईसीसी वनडे रैंकिंग के नंबर एक बल्लेबाज, रोहित शर्मा को भयंकर नुकसान
India vs New Zealand 2nd ODI Live Cricket Score
