A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ: विराट कोहली के निशाने पर वनडे सीरीज में रहेंगे 3 बड़े रिकॉर्ड, पोंटिंग-सहवाग को भी पीछे छोड़ने का मौका

IND vs NZ: विराट कोहली के निशाने पर वनडे सीरीज में रहेंगे 3 बड़े रिकॉर्ड, पोंटिंग-सहवाग को भी पीछे छोड़ने का मौका

IND vs NZ: टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3 बड़े कारनामे करने का मौका होगा। इसमें वह एक मामले में रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग को भी पीछे छोड़ सकते हैं।

Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : PTI विराट कोहली

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसमें एकबार फिर से सभी की नजरें टीम इंडिया के सुपरस्टार खिलाड़ी विराट कोहली के प्रदर्शन पर टिकी रहने वाली हैं। कोहली ने साल 2025 में आखिरी इंटरनेशनल सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली थी, जिसमें उन्होंने तीन वनडे मैचों में से 2 में जहां शतक लगाया तो एक में उनके बल्ले से नाबाद अर्धशतकीय पारी देखने को मिली थी। अब कोहली से उसी फॉर्म को जारी रखने की उम्मीद आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज में भी सभी को है। यदि कोहली ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब होंगे।

कोहली के पास पोंटिंग और सहवाग को पीछे छोड़ने का मौका

विराट कोहली का वनडे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से अब तक काफी शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है। कोहली ने अब तक कीवी टीम के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में कुल 33 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 55.23 के औसत से 1657 रन बनाए हैं और इस दौरान वह 6 शतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में विराट कोहली आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में किसी एक मुकाबले में भी शतक लगाने में कामयाब होते हैं तो रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग दोनों को पीछे छोड़ देंगे। अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर संयुक्त रूप से विराट कोहली, रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग काबिज हैं, जिसमें तीनों ने 6-6 शतकीय पारी खेली है। ऐसे में कोहली के पास एक शतक लगाकर इन दोनों को पीछे छोड़ने का शानदार मौका है।

इस मामले में वर्ल्ड में सबसे तेज खिलाड़ी बनने का मौका

इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के अब तक कई रिकॉर्ड को तोड़कर उन्हें अपने नाम किया है। ऐसा ही एक रिकॉर्ड अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके सामने रहेगा, जिसमें वह सबसे कम पारियों में 28000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। विराट कोहली को अभी इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 25 रनों की दरकार है और उन्होंने अब तक कुल 623 इंटरनेशनल पारियां खेली हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर जिनके नाम पर ये रिकॉर्ड है उन्होंने अपने 28000 इंटरनेशनल रन 644 पारियों में पूरे किए थे, ऐसे में कोहली ये रिकॉर्ड काफी आसानी से तोड़ सकते हैं। वहीं कोहली के पास बतौर भारतीय खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करने का मौका है, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 93 रनों की दरकार है और ऐसा करते ही वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ नंबर-1 की कुर्सी पर काबिज हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें

विराट कोहली ने उतारी अर्शदीप सिंह की नकल, रोहित शर्मा भी नहीं रोक पाए अपनी हंसी; देखें VIDEO

ODI सीरीज से पहले ही इन 2 भारतीय खिलाड़ी का मुरीद हुआ कीवी प्लेयर, तारीफ में कही ऐसी बात

Latest Cricket News