न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। पहले वनडे सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से बड़ौदरा के मैदान से होगी। इसके बाद टी20 सीरीज होगी। इस ग्राउंड पर पहली बार कोई वनडे मुकाबला खेला जाएगा। भारत की तरफ से वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे प्लेयर्स खेलते हुए दिखाई देंगे। दोनों खिलाड़ी पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनके बल्ले से खूब रन भी निकल रहे हैं। अब न्यूजीलैंड के विल यंग ने इन दोनों खिलाड़ियों की तारीफ में दिल खोला है।
रोहित-विराट वर्ल्ड क्रिकेट में टॉप पर मौजूद: विल यंग
विल यंग ने कहा कि भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा को प्राइम फॉर्म में देखकर उन्हें कोई हैरानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कोहली और रोहित बहुत ही शानदार खिलाड़ी हैं और काफी समय तक वर्ल्ड क्रिकेट में टॉप पोजीशन पर रहे हैं। दोनों ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिन्हें मैं आदर्श की तरह देखता हूं। साथ ही न्यूजीलैंड के कई स्टार प्लेयर भी उन्हें इसी तरह से देखते हैं।
आदित्य अशोक के लिए कही ऐसी बात
इसके अलावा विल यंग ने वेल्लोर में जन्में लेग स्पिनर आदित्य अशोक को भी सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि वह अपने पहले भारत दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने घर पर काफी क्रिकेट खेला है और वह एक बेहतरीन लेग स्पिनर रहे हैं। वह अच्छी स्पीड से बॉलिंग करते हैं। यह देखना रोमांचक होगा कि वह वनडे क्रिकेट में किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।
भारत दौरे पर न्यूजीलैंड को जिताई थी टेस्ट सीरीज
न्यूजीलैंड ने साल 2024 में भारत दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। तब विल यंग ने अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्होंने कुल 244 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे थे। अच्छे खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला था।
विल यंग ने इसके अलावा कहा कि न्यूजीलैंड की टीम में युवा खिलाड़ी शामिल हैं और यह अब उन पर निर्भर करता है कि वह अच्छा प्रदर्शन करें। यह थोड़ी अलग टीम जरूर है। लेकिन पिछले कुछ सालों से न्यूजीलैंड की टीम अलग-अलग प्लेयर्स के आने और जाने से परेशान रही है। लेकिन यह देखना अच्छा है कि युवा खिलाड़ी आते हैं और शुरुआत से ही अच्छा प्रदर्शन करते हैं।
(Input: PTI)
यह भी पढ़ें:
IND vs NZ: नहीं खर्च होगा एक भी पैसा! पहले ODI की लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए डाउनलोड करें ये ऐप