कोहली के पास सौरव गांगुली को पीछे करने का सुनहरा मौका, पहले मैच में उतरते ही करेंगे कमाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली खेलते हुए नजर आएंगे और सीरीज के पहले मैच में उतरते ही वह एक खास कमाल कर देंगे।
विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं और उनका पूरा फोकस इस समय वनडे क्रिकेट पर है और वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलना चाहते हैं और इसके लिए अच्छा भी कर रहे हैं। साल 2025 में उन्होंने वनडे क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में वह अपनी पुरानी में लय नजर आए, जहां उनके बल्ले से खूब रन निकले। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनका चुना जाना लगभग तय है।
सौरव गांगुली को पीछे करने का सुनहरा मौका
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को पहला वनडे मुकाबला 11 जनवरी को खेलना है और इस मैच में उतरते ही विराट कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने के मामले में सौरव गांगुली को पीछे कर देंगे। दोनों ही दिग्गज प्लेयर्स ने 308-308 मुकाबले खेले हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच वनडे खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने कुल 463 वनडे मैच खेले हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा शतक
विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में कमाल का खेल दिखाया था और 302 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने अपना जलवा दिखाया। आंध्र प्रदेश के खिलाफ कोहली ने 131 रन और गुजरात के खिलाफ 77 रनों की पारी खेली थी। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले ही विजय हजारे ट्रॉफी का एक मैच और खेल सकते हैं।
विराट कोहली के नाम ही दर्ज हैं सबसे ज्यादा वनडे शतक
विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए साल 2008 में डेब्यू किया था और इसके बाद से ही वह टीम की अहम कड़ी बने हुए हैं। उन्होंने अपने दम पर भारतीय टीम को कई मैचों में जीत दिलाई है। उनके नाम ही वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अभी तक भारतीय टीम के लिए 308 वनडे मैचों में कुल 14557 रन बनाए हैं, जिसमें 53 शतक और 76 अर्धशतक शामिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
बड़ा कमाल, एक ही मैच में लगे पांच शतक; पहली बार बना ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान
वैभव सूर्यवंशी इस टीम के खिलाफ करेंगे भारत की कप्तानी, ये रहा ODI सीरीज का पूरा शेड्यूल
