1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बड़ा कमाल, एक ही मैच में लगे पांच शतक; पहली बार बना ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान

बड़ा कमाल, एक ही मैच में लगे पांच शतक; पहली बार बना ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान

 Published : Jan 01, 2026 09:14 pm IST,  Updated : Jan 01, 2026 09:18 pm IST

बड़ौदा और हैदराबाद के बीच मैच में बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और दोनों टीमों की तरफ से 350 प्लस के स्कोर बनाए गए। मैच में गेंदबाजों के लिए करने के लिए कुछ खास नहीं था।

krunal pandya- India TV Hindi
क्रुणाल पांड्या Image Source : PTI

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बड़ौदा और हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया था, जिसमें दोनों टीमों की तरफ से रनों की बरसात देखने को मिली। इस मैच में बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 417 रनों का स्कोर बनाया। इसके बाद हैदराबाद की टीम सिर्फ 380 रनों पर सिमट गई और वह 30 रनों से मुकाबला हार गई। मैच में दोनों टीमों की तरफ से कुल पांच शतक लगे।

लिस्ट-ए क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा कमाल

बड़ौदा के लिए नित्या पांड्या, अमित पासी और क्रुणाल पांड्या ने शतक जड़े। वहीं हैदराबाद की टीम के लिए प्रग्नाय रेड्डी और अभिरथ रेड्डी ने सेंचुरी लगाईं। इस तरह से मैच में कुल पांच शतक लगे। लिस्ट-ए क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा है, जब किसी मैच में पांच शतक लगे हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था। बल्लेबाजों के धमाकेदार खेल की वजह से यह अद्भुत कीर्तिमान बना है।

बड़ौदा की टीम के लिए नित्या पांड्या और अमित पासी ओपनिंग करने उतरे थे और दोनों ही प्लेयर्स ने सधी हुई बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 230 रनों की साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रख दी। अमित ने 93 गेंदों में कुल 127 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दूसरी तरफ नित्या ने भी 122 रनों की पारी खेली और उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया।

क्रुणाल पांड्या ने खेली 109 रनों की पारी

बाद में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल पांड्या ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 63 गेंदों में ही 109 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया। इन प्लेयर्स की वजह से ही बड़ौदा की टीम 417 रनों के हिमालय जितने बड़े स्कोर तक पहुंच पाई। हैदराबाद के गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे और अच्छा नहीं कर पाए। चामा मिलिंद ने जरूर दो विकेट झटके। लेकिन बाकी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई।

प्रग्नाय रेड्डी और अभिरथ रेड्डी ने भी जड़े शतक

बाद में हैदराबाद की टीम के लिए प्रग्नाय रेड्डी (113 रन) और अभिरथ रेड्डी (130 रन) ने दमदार शतक लगाए। लेकिन ये दोनों प्लेयर्स टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाकर आउट हो गए और बाद के आने वाले बल्लेबाज अच्छा करने में असफल साबित हुए। अमन राव ने 39 रनों की पारी खेली थी, जो काफी नहीं थी। अभिरथ ने 90 गेंदों में 130 रन बनाए, जिसमें 18 चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं प्रग्नाय ने 98 गेंदों में 113 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इन खिलाड़ियों ने टीम को जीत दिलाने की तो भरसक कोशिश की, लेकिन उसमें सफल नहीं हो पाए। हैदराबाद की टीम 380 रनों पर सिमट गई।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल