1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'मैं 37 साल का हो चुका हूं....सिर्फ एक फॉर्मेट खेलूंगा'- टेस्ट क्रिकेट में वापसी वाली अफवाह पर विराट ने तोड़ी चुप्पी

'मैं 37 साल का हो चुका हूं....सिर्फ एक फॉर्मेट खेलूंगा'- टेस्ट क्रिकेट में वापसी वाली अफवाह पर विराट ने तोड़ी चुप्पी

विराट कोहली ने रांची में खेले गए पहले वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। इस शतकीय पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : AP विराट कोहली

रांची में खेले गए पहले वनडे मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया। भारत की इस जीत में सबसे अहम योगदान विराट कोहली ने दिया। विराट ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। इसी पारी के बदौलत भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के सामने 350 रन का टारगेट रखने में कामयाब रही। इस शानदार पारी के लिए विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। इस अवॉर्ड को जीतने के बाद विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी वाले अफवाह पर चुप्पी तोड़ी है।

क्या विराट करेंगे टेस्ट क्रिकेट में वापसी?

कोहली ने रांची वनडे में 135 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 120 गेंद का सामना किया और 11 चौकों और सात छक्कों की मदद से 135 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में यह विराट कोहली का 52वां शतक है। मैच के बाद उनसे पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पूछा गया कि क्या वे आगे भी एक ही फॉर्मेट खेलेंगे। इसका जवाब देते हुए कोहली ने कहा कि अब हमेशा यही रहने वाला है। मैं 37 साल का हो चुका हूं। मैं अब केवल एक ही फॉर्मेट खेलूंगा।

मैं कभी भी बहुत तैयारी पर विश्वास नही करता- विराट कोहली

विराट कोहली ने आज के मैच को लेकर कहा कि इस तरह के मैच में खेलकर अच्छा लगता है। 20-25 ओवर तक पिच से बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिली इसके बाद पिच धीमी हो गई। मेरा बस यही इरादा था की हर गेंद को खेलकर और क्रिकेट का मजा लें। मैं कभी भी बहुत तैयारी पर विश्वास नही करता। मैं मानसिक रूप से मैच के लिए तैयार होता हूं। जहां तक मेरी फिटनेस की बात है तो वह सही रही है और फिर बैटिंग के बारे में सोचते हैं तब अगर अच्छा लग रहा है तो फिर सब सही है।

अपनी तैयारी को लेकर विराट ने दिया बड़ा बयान

इस दौरान विराट ने ये भी बताया कि वह रांची की परिस्थितियों को समझने के लिए तीन दिन पहले वहां पहुंच गए थे। उन्होंने आगे कहा कि मैंने 300 से ज्यादा वनडे खेले हैं। अगर आप प्रैक्टिस के दौरान गेंद को अच्छी तरह हिट कर पा रहे हैं तब सब कुछ आपके लिए अच्छा है। अगर आप नेट्स में एक या दो घंटा बल्लेबाजी कर लें तो आप जान जाते है कि आप अच्छा कर रहे हैं। अगर फॉर्म में ना हो तो नेट्स में और ज्यादा प्रैक्टिस करना चाहते है। इसके अलावा सब कुछ मानसिक रूप से तैयार रहने और खेल का आनंद लेने पर निर्भर करता है।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया ने जीत के साथ किया वनडे सीरीज का आगाज, पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया

विराट कोहली-रोहित शर्मा की जोड़ी ने कर दिया कमाल, वनडे में 20वीं बार किया ये कारनामा

Latest Cricket News