1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली फाइनल में कदम रखते ही 7 दिग्गजों को देंगे पछाड़, पोंटिंग, लारा और युवराज की करेंगे बराबरी

विराट कोहली फाइनल में कदम रखते ही 7 दिग्गजों को देंगे पछाड़, पोंटिंग, लारा और युवराज की करेंगे बराबरी

विराट कोहली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल इतिहास रचने उतरेंगे। कोहली फाइनल में उतरते ही एक साथ कई दिग्गजों को पछाड़ देंगे।

Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : AP विराट कोहली

IND vs NZ: वो दिन आ चुका है, जिसका बेसब्री से इंतजार हो रहा था। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के विजेता का आज दुबई में फैसला हो जाएगा। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में टीम इंडिया की न्यूजीलैंड से भिड़ंत होगी। चैंपियंस ट्रॉफी 2000 में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता था। अब टीम इंडिया के पास 25 साल पुरानी हार का बदला चुकता करने का शानदार मौका होगा।

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से फैंस को काफी उम्मीदें होंगी। टूर्नामेंट में कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 4 मैचों में 217 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। फाइनल में उनके पास सभी को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट का टॉप रन स्कोरर बनने का मौका होगा। हालांकि, उन्हें न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है। रचिन शानदार फॉर्म में हैं और फाइनल में उनकी नजरें टीम के लिए बड़ी पारी खेलने पर लगी होंगी। 

कोहली का इतिहास रचना तय

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में कोहली के निशाने पर वैसे तो कई बड़े रिकॉर्ड होंगे लेकिन एक कीर्तिमान ऐसा है जो वह फाइनल में उतरते ही बना देंगे।दरअसल, फाइनल में शिरकत करने के साथ ही कोहली एक साथ 7 दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ देंगे और रिकी पोंटिंग, ब्रायन लारा और युवराज सिंह जैसे बड़े खिलाड़ियों की बराबरी कर लेंगे। किंग कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में 17 मैच खेले हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच उनका 18वां मैच होगा। फाइनल में कदम रखते ही वह शेन वॉटसन, डेनियल विटोरी, मुथैया मुरलीधरन, जैक कैलिस, मार्क बाउचर, क्रिस गेल और मार्वन अटापट्टू को पछाड़ देंगे और सबसे ज्यादा चैंपियंस ट्रॉफी मैच खेलने के मामलें में रिकी पोंटिंग, ब्रायन लारा और युवराज सिंह की बराबरी कर लेंगे। तीनों दिग्गजों के नाम चैंपियंस ट्रॉफी में 18 मैच खेलने का रिकॉर्ड है। 

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • बेन डकेट- 227
  • रचिन रवींद्र- 226
  • जो रूट- 225 
  • विराट कोहली- 217

विराट कोहली चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में हिस्सा लेने के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 550 मैच पूरे कर लेंगे। ऐसा करने वाले वह भारत के दूसरे और दुनिया के छठे खिलाड़ी बनेंगे। सचिन तेंदुलकर, महेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, सनथ जयसूर्या और रिकी पोंटिंग के नाम ही 550 से ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। अब इस बड़े क्लब में कोहली का नाम शुमार होने जा रहा है। 

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ: किसके सिर सजेगा नंबर-1 का ताज, मोहम्मद शमी और मैट हेनरी में कौन मारेगा बाजी

IPL 2025 से पहले गुजरात टाइटन्स का बड़ा ऐलान, पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज को सौंपी अहम जिम्मेदारी

Latest Cricket News