1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ: किसके सिर सजेगा नंबर-1 का ताज, मोहम्मद शमी और मैट हेनरी में कौन मारेगा बाजी

IND vs NZ: किसके सिर सजेगा नंबर-1 का ताज, मोहम्मद शमी और मैट हेनरी में कौन मारेगा बाजी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Mar 09, 2025 07:19 am IST,  Updated : Mar 09, 2025 07:19 am IST

भारत और न्यूजीलैंड का फाइनल में आमना-सामना होने जा रहा है। इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर सभी की निगाहें टिकी होंगी।

Mohammed Shami vs Matt Henry - India TV Hindi
मोहम्मद शमी और मैट हेनरी Image Source : GETTY

IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड की टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भिड़ने के लिए तैयार हैं। दुबई में आज यानी 9 मार्च को खिताब के लिए दोनों टीमों के बीच जंग होगी। भारतीय टीम की कोशिश 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर होगी जबकि न्यूजीलैंड की टीम के पास 25 साल बाद चैंपियन बनने का मौका होगा। न्यूजीलैंड ने आखिरी बार साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था जबकि टीम इंडिया साल 2013 में चैंपियन बनी थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में से कौन सी टीम बाजी मारने में सफल होती है।

फाइनल में टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी की अगुवाई मोहम्मद शमी करते नजर आएंगे, जो अब तक खेले गए 4 मैचों में 8 विकेट झटक चुके हैं। बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही मैच में उन्होंने 5 विकेट लेने का बड़ा कारनामा किया था। हालांकि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले दो मैचों में वह एक भी विकेट नहीं ले सके थे। सेमीफाइनल में जब टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया से टक्कर हुई तो उन्होंने 3 बल्लेबाजों का शिकार किया और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अब देखना दिलचस्प होगा कि शमी फाइनल में गेंद से किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।

मोहम्मद शमी बनाम मैट हेनरी

टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी का जिम्मा जहां शमी के कंधों पर होगा तो वहीं न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजी की कमान मैट हेनरी संभालते नजर आ सकते हैं। हालांकि मैट हेनरी का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में खेलना मुश्किल लग रहा है क्योंकि वह साउथ अफ्रीका क खिलाफ सेमीफाइनल में चोटिल हो गए थे। अगर मैट हेनरी फाइनल में नहीं खेलते हैं, तो न्यूजीलैंड के लिए बहुत बड़ा झटका लग सकता है और मोहम्मद शमी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं। 

दरअसल, हेनरी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 10 विकेट झटके हैं। इनमें से पांच विकेट उन्होंने एक ही मैच में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज में झटके थे। अगर हेनरी फाइनल मिस करते हैं, तो शमी 3 विकेट लेते ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के टॉप विकेट टेकर गेंदबाज बन जाएंगे। अब देखना होगा कि शमी और हेनरी में कौन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रुप में फिनिश करता है। 

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज 

  • 10 - मैट हेनरी*
  • 8 - मोहम्मद शमी*
  • 7 - अजमतुल्लाह उमरजई
  • 7 - बेन ड्वार्शुइस
  • 7 - मिचेल सैंटनर*
  • 7 - वरुण चक्रवर्ती

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल