वीरेंद्र सहवाग के बल्ले से निकले बेखौफ शॉट्स की यादें आज भी क्रिकेट फैंस के जेहन में ताजा हैं। अब उनके बेटे आर्यवीर सहवाग भी उसी अंदाज की झलक दिखाकर सुर्खियों में आ गए हैं। दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से खेल रहे आर्यवीर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उनके बल्लेबाजी करने का अंदाज बिल्कुल पिता की याद दिला रहा है।
बेटे में दिखी पिता की झलक
आर्यवीर को मैच के दौरान सहवाग के पसंदीदा शॉट्स में शामिल स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव लगाते देखा गया। दिल्ली प्रीमियर लीग ने भी पिता-पुत्र की बल्लेबाजी तकनीक की तुलना करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। दोनों के शॉट खेलने के अंदाज में समानता देख सहवाग के पुराने दिनों की याद ताजा हो गईं।
वीरेंद्र सहवाग को भारतीय क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में गिना जाता है। उन्होंने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ ODI डेब्यू किया था और अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए 374 मैच खेले। तीनों फॉर्मेट में उनके नाम 17253 रन हैं, जिसमें 38 इंटरनेशनल शतक और 72 अर्धशतक शामिल हैं। तेज शुरुआत, गेंदबाजों पर दबाव बनाने और बिना किसी डर के बड़े शॉट खेलने की उनकी शैली ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। अब सहवाग के संन्यास के बाद उनके बेटे आर्यवीर को क्रिकेट मैदान पर उसी विरासत को आगे बढ़ाते देखा जा रहा है। हालांकि, अभी आर्यवीर का सफर शुरुआती दौर में है, लेकिन उनके शॉट्स ने फैंस का ध्यान जरूर खींच लिया है।
वेस्ट दिल्ली लायंस को मिली हार
वहीं, दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस को सेंट्रल दिल्ली किंग्स के हाथों 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। सेंट्रल दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 232/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। सिद्धार्थ जून ने 17 गेंदों पर 33 रन और समर्थ सेठ ने सिर्फ 14 गेंदों पर 37 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
233 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने 4.5 ओवर में 71 रन बनाकर तेज शुरुआत की, लेकिन इसके बाद आर्यवीर सहवाग के आउट होने से टीम को झटका लगा। कृष्ण यादव ने 26 गेंदों पर 46 रन और अंकित कुमार ने 30 गेंदों पर 61 रन बनाकर टीम की उम्मीदें कायम रखीं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी हुई।
तेजस बड़ोका ने कृष्ण यादव को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद अंकित ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन उनके 61 रन पर आउट होने के बाद लायंस की मुश्किलें बढ़ गईं। आखिर में टीम 20 ओवर में 211/8 रन ही बना सकी और 21 रन से मुकाबला गंवा बैठी। हार के बावजूद आर्यवीर की बल्लेबाजी के अंदाज ने फैंस को उनके पिता की याद जरूर दिला दी।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड को लॉर्ड्स टेस्ट मैच से पहले लगा बड़ा झटका, ब्रायडन कार्स हुए बाहर
साई सुदर्शन की वापसी पर संकट? पडिक्कल के शतकों के बाद आकाश चोपड़ा ने कही बड़ी बात
Latest Cricket News