1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साई सुदर्शन की वापसी पर संकट? पडिक्कल के शतकों के बाद आकाश चोपड़ा ने कही बड़ी बात

साई सुदर्शन की वापसी पर संकट? पडिक्कल के शतकों के बाद आकाश चोपड़ा ने कही बड़ी बात

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 25, 2026 07:24 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 07:24 am IST

श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो शतक जड़कर देवदत्त पडिक्कल ने भारतीय टेस्ट टीम में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि चोट से वापसी करने वाले साई सुदर्शन को सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल होगा।

IND vs SL- India TV Hindi
देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन Image Source : AFP

एक तरफ देवदत्त पडिक्कल के बल्ले से लगातार शतक निकल रहे हैं, तो दूसरी तरफ भारतीय टेस्ट टीम में साई सुदर्शन की वापसी को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर रहे पडिक्कल ने नंबर-3 की दावेदारी इतनी मजबूत कर दी है कि पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि सुदर्शन को वापसी के बाद सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल होगा।

साई सुदर्शन चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। पैर के अंगूठे में चोट लगने से उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। सुदर्शन ने इससे पहले नंबर-3 पर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली थी, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में मिले मौके को पडिक्कल ने दोनों हाथों से लपक लिया।

लंका में पडिक्कल का कमाल

श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में पडिक्कल का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने पहले टेस्ट में 167 रनों की शानदार पारी खेली और दूसरी पारी में 44 रन बनाकर भारत की 165 रन से जीत में अहम योगदान दिया। इसके बाद दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भी उन्होंने शतक जड़ दिया। उनके साथ ध्रुव जुरेल ने भी शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने 500 रन का आंकड़ा पार कर लिया।

पडिक्कल के लगातार दो शतकों से प्रभावित आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अब सुदर्शन की वापसी के बाद उन्हें तुरंत प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना तय नहीं है। चोपड़ा ने पडिक्कल की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें शानदार खिलाड़ी बताया और कहा कि वह बेहद कम मैचों में ही सुदर्शन के सात मैचों की 12 पारियों में बनाए रनों से आगे निकल चुके हैं।

4 टेस्ट में 400 से ज्यादा रन

पडिक्कल ने अब तक सिर्फ चार टेस्ट खेले हैं और 6 पारियों में उनके नाम 418 रन दर्ज हैं। वहीं, सुदर्शन ने 2025 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 12 पारियों में 383 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। वह तीन ODI और एक T20 इंटरनेशनल भी खेल चुके हैं।

अब भारत का अगला टेस्ट न्यूजीलैंड के खिलाफ होना है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने नंबर-3 के लिए पडिक्कल और सुदर्शन में से किसी एक को चुनने की चुनौती होगी। खास बात यह है कि ध्रुव जुरेल ने भी श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाकर नंबर-6 पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। ऐसे में सुदर्शन की वापसी भारतीय टीम के सिलेक्टर्स के लिए एक नई सिरदर्दी बन सकती है।

यह भी पढ़ें:

IND vs SL टेस्ट में बारिश बिगाड़ सकती है टीम इंडिया का खेल, तीसरे दिन कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?

इंग्लैंड को लॉर्ड्स टेस्ट मैच से पहले लगा बड़ा झटका, ब्रायडन कार्स हुए बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल