श्रीलंका क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने अचानक कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। जनवरी 2024 में ही उन्हें टीम की कमान सौंपी गई थी, अब इतने कम वक्त में ही उन्होंने इस जिम्मेदारी को छोड़ने का ऐलान किया है। धनंजय ने श्रीलंका क्रिकेट की सिलेक्शन कमेटी को एक चिट्ठी लिखकर कप्तानी छोड़ने की बात कही है। उनका मानना है कि अब ये जिम्मेदारी किसी नए खिलाड़ी को दी जानी चाहिए।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने मान ली है धनंजय डिसिल्वा की बात
धनंजय डिसिल्वा ने श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने इस बारे में सूचना दे दी है। हालांकि उन्होंने भी साफ किया के खिलाड़ी के तौर पर वे आगे भी खेलते रहेंगे। इस बीच खबर है कि श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ ने इसे स्वीकार कर लिया है और धनंजय को भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी हैं। डिसिल्वा की कप्तानी में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 18 मुकाबले खेले और इसमें से सात में टीम जीतने में भी कामयाब रही। इस दौरान उनकी बल्लेबाजी भी काफी अच्छी रही।
अब तक ऐसा रहा है डिसिल्वा का करियर
इस बीच धनंजय डिसिल्वा ने श्रीलंका के लिए अब तक तीनों फॉर्मेट में खेला है। उन्होंने साल 2015 में सबसे पहले टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। उसके बाद उन्हें वनडे और टेस्ट भी खेलने का मौका मिला। यानी उनका करियर अब करीब 11 साल का हो रहा है। डिसिल्वा ने अब तक श्रीलंका के 69 टेस्ट मैच खेलीकर 4431 रन बनाए हैं और इसमें 13 शतक व 20 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 93 वनडे मैच खेलकर वे अब तक 1924 रन बना चुके हैं। यहां उनके नाम 10 अर्धशतक हैं। 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर डिसिल्वा 890 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। यहां उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं।
नए कप्तान का अभी नहीं किया गया है ऐलान
दमुथ करुणारत्ने के बाद धनंजय डिसिल्वा को कप्तानी दी गई थी। इस बीच अभी तक श्रीलंका क्रिकेट की ओर से नए कप्तान का ऐलान नहीं किया गया है। टीम को नवंबर में पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने हैं, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जाएंगे, उसमें श्रीलंकाई टीम नए कप्तान के साथ मैदान में उतरेगी। ये सीरीज काफी अहम होगी। माना जा रहा है कि कुसल मेंडिस को टीम की कप्तानी दी जा सकती है। जहां एक ओर धनंजय की उम्र अब करीब 35 साल हो चुकी है, वहीं कुसल मेंडिस 31 साल के हैं।
यह भी पढ़ें
भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरा टी20 मुकाबला कब खेला जाएगा, नोट कीजिए बाकी मैचों का शेड्यूल
PBKS को लगा झटका, जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन ने छोड़ा साथ, IPL से पहले करनी होगी 3 नए कोचों की तलाश