साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने वाला है, लेकिन मेजबान टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल उसके स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को लेकर है। रबाडा ने 7 अक्टूबर को डरबन में टीम के साथ अभ्यास किया, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, पहले टेस्ट में उनके खेलने को लेकर अंतिम फैसला अब भी नहीं हुआ है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन में खेला जाना है। माना जा रहा है कि साउथ अफ्रीका रबाडा को मैच शुरू होने तक अपनी फिटनेस साबित करने का पूरा मौका देगा। 31 साल के तेज गेंदबाज अगस्त में ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग चोटिल होने के बाद से क्रिकेट से दूर हैं।
अच्छी दिशा में बढ़ रही रबाडा की रिकवरी
रबाडा ने आखिरी बार मई के अंत में IPL में गुजरात टाइटंस के लिए मुकाबला खेला था। इसके बाद से वह किसी भी स्तर पर क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले उनकी मैच फिटनेस को लेकर टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। साउथ अफ्रीका के कोच शुक्री कॉनराड ने पिछले महीने बताया था कि रबाडा की रिकवरी अच्छी दिशा में आगे बढ़ रही है। बुधवार को डरबन में ट्रेनिंग के दौरान उन्हें नेट्स में गेंदबाजी करते हुए भी देखा गया। हालांकि, टीम के अनुभवी स्पिनर साइमन हार्मर ने साफ किया कि रबाडा के खेलने पर फैसला टेस्ट शुरू होने के करीब ही लिया जाएगा।
हार्मर ने कहा कि हर कोई चाहता है कि वह खेले। दर्शक, ड्रेसिंग रूम में हम लोग और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी। उन्हें वास्तव में नहीं पता कि वह इस समय कितने फिट हैं। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें यकीन है कि मैच के जितना करीब संभव होगा, उतना करीब जाकर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने हर सीजन खुद को वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी साबित किया है और उनके टीम में होने से हमारी टीम निश्चित तौर पर मजबूत होगी।
एनरिक नॉर्खिया की हो सकती है वापसी
अगर रबाडा को डरबन टेस्ट में आराम दिया जाता है तो एनरिक नॉर्खिया के लिए लंबे अंतराल के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी का रास्ता खुल सकता है। नॉर्खिया ने तीन साल से ज्यादा समय से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। साउथ अफ्रीका के 18 सदस्यीय स्क्वॉड में मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश और गेराल्ड कोएत्जी जैसे तेज गेंदबाजी विकल्प भी मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद साउथ अफ्रीका को नवंबर में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट और दिसंबर में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मुकाबले घरेलू मैदान पर खेलने हैं। टीम का लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब का बचाव करना है। साउथ अफ्रीका ने पिछले साल लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार WTC खिताब जीता था।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी को 17 खिलाड़ियों में नहीं मिली जगह, स्क्वाड के साथ नए हेड कोच का भी हुआ ऐलान