1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA20 ऑक्शन में 18 साल का प्लेयर बना सबसे महंगा, फाफ डु प्लेसिस और पोलार्ड का भी दिखा जलवा

SA20 ऑक्शन में 18 साल का प्लेयर बना सबसे महंगा, फाफ डु प्लेसिस और पोलार्ड का भी दिखा जलवा

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 08, 2026 08:46 am IST,  Updated : Oct 08, 2026 08:46 am IST

SA20 सीजन 5 के ऑक्शन में 18 साल के जेसन रॉल्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। जॉबर्ग सुपर किंग्स ने उन्हें 174248 अमेरिकी डॉलर में खरीदा।

SA20- India TV Hindi
SA20 ऑक्शन Image Source : SA20

SA20 के पांचवें सीजन के लिए हुई प्लेयर ऑक्शन में अनुभव और युवा जोश का शानदार मेल देखने को मिला। जोहान्सबर्ग में 7 अक्टूबर को हुए ऑक्शन में 18 साल के जेसन रॉल्स ने सबसे ज्यादा कीमत हासिल कर सभी को चौंका दिया। अंडर-23 खिलाड़ी रॉल्स के लिए जॉबर्ग सुपर किंग्स और MI केप टाउन के बीच जबरदस्त बोली लगी और आखिरकार सुपर किंग्स ने उन्हें 174248 अमेरिकी डॉलर में अपने साथ जोड़ लिया। वह ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे।

जेसन रॉल्स सेंट डेविड्स मैरिस्ट इनांडा से मैट्रिक की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और रेन स्कूल्स SA20 कार्यक्रम से भी जुड़े रहे हैं। पिछले साल वह बारिश से प्रभावित स्कूल्स SA20 के फाइनल में खेलने वाली टीम का हिस्सा थे। अब उन्हें SA20 में दुनिया के दिग्गज T20 खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। रॉल्स की बोली ने युवा साउथ अफ्रीकी प्रतिभाओं में फ्रेंचाइजियों की बढ़ती दिलचस्पी को भी सामने रखा। जॉबर्ग सुपर किंग्स ने उन्हें भविष्य के निवेश के तौर पर अपने साथ जोड़ा है।

डु प्लेसिस की सुपर किंग्स में वापसी

ऑक्शन में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व साउथ अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस की भी रही। 42 साल क डु प्लेसिस को जॉबर्ग सुपर किंग्स ने 162286 अमेरिकी डॉलर में खरीदा। उनके लिए सुपर किंग्स और MI केप टाउन के बीच मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंत में वह सुपर किंग्स के खेमे में गए।

डु प्लेसिस पिछले चार SA20 सीजन से जोहान्सबर्ग के वांडरर्स में खेलते रहे हैं और अब एक बार फिर इसी मैदान से जुड़ी फ्रेंचाइजी का हिस्सा होंगे। उनके साथ वेस्टइंडीज के दिग्गज कायरन पोलार्ड भी जॉबर्ग सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। पोलार्ड को 90162 अमेरिकी डॉलर में खरीदा गया। T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल पोलार्ड अपने अनुभव और पावर हिटिंग के लिए जाने जाते हैं।

MI केप टाउन ने भी खोला खजाना

MI केप टाउन ने साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर पर बड़ा दांव लगाया। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 156274 अमेरिकी डॉलर में अपने साथ जोड़ा। इसके अलावा वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर को 90162 अमेरिकी डॉलर में खरीदा गया। वहीं, रासी वैन डर डुसेन 3053 अमेरिकी डॉलर में प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ जुड़े। कैपिटल्स पिछले सीजन में सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ फाइनल हारकर उपविजेता रहे थे। टीम अब एक कदम आगे बढ़ने की कोशिश करेगी। उनके साथ साउथ अफ्रीका के टेस्ट और ODI कप्तान टेम्बा बावुमा भी टीम में होंगे। बावुमा का यह SA20 में तीसरा कार्यकाल होगा।

सनराइजर्स और MI ने गेंदबाजी को किया मजबूत

तीन बार की चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने नांद्रे बर्गर और इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रेग ओवरटन को जोड़कर अपनी 19 सदस्यीय टीम पूरी की। टीम के तेज गेंदबाजी अटैक में पहले से ही एनरिक नॉर्खिया, मार्को यानसन, एडम मिल्न और लुथो सिपामला जैसे नाम मौजूद हैं।

MI केप टाउन ने न्यूजीलैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को फिर से टीम में शामिल किया। उनके अलावा 21 साल के ऑलिवर व्हाइटहेड भी टीम का हिस्सा बने। जॉबर्ग सुपर किंग्स ने अमेरिका के एंड्रियास गॉस और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजाराबानी को भी अपने साथ जोड़ा। बता दें, SA20 सीजन 5 की शुरुआत 17 जनवरी 2027 को होगी। पहले मुकाबले में सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में प्रिटोरिया कैपिटल्स का सामना करेगी।

यह भी पढ़ें:

रेप केस में जमानत मिलते ही अभिषेक पोरेल की बंगाल टीम में वापसी, मोहम्मद शमी और आकाश दीप को भी मिला मौका

बीजे वॉटलिंग बने न्यूजीलैंड के नए बैटिंग कोच, IND vs NZ सीरीज के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।