1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बीजे वॉटलिंग बने न्यूजीलैंड के नए बैटिंग कोच, IND vs NZ सीरीज के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी

बीजे वॉटलिंग बने न्यूजीलैंड के नए बैटिंग कोच, IND vs NZ सीरीज के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 08, 2026 06:47 am IST,  Updated : Oct 08, 2026 06:47 am IST

पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज बीजे वॉटलिंग को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है। वह भारत के खिलाफ दिसंबर में होने वाली टेस्ट सीरीज के बाद ल्यूक रोंची की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे।

 BJ Watling- India TV Hindi
बीजे वॉटलिंग Image Source : AFP

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम में जल्द ही एक जाना-पहचाना चेहरा नई भूमिका में नजर आएगा। टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज बीजे वॉटलिंग को न्यूजीलैंड मेन्स टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है। वह ल्यूक रोंची की जगह लेंगे। रोंची दिसंबर में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद इस पद से हट जाएंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, वॉटलिंग 16 नवंबर से टीम के साथ जुड़ जाएंगे। वह कुछ समय तक रोंची के साथ काम करते हुए जिम्मेदारी संभालने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे से वह पूरी तरह बैटिंग कोच की भूमिका में आ जाएंगे। न्यूजीलैंड को 9 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।

वॉटलिंग ने 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 75 टेस्ट, 28 ODI और पांच T20I मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 3790 रन हैं और वह न्यूजीलैंड की ओर से किसी विकेटकीपर-बल्लेबाज के सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनका टेस्ट बल्लेबाजी औसत 37.52 रहा। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2021 के पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता था।

फर्स्ट क्लास करियर रहा शानदार

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी वॉटलिंग का रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने 178 फर्स्ट-क्लास मैच खेले और 10034 से ज्यादा रन बनाए, जिसमें 18 शतक शामिल रहे। संन्यास के बाद वॉटलिंग ने कोचिंग के क्षेत्र में कदम रखा। उन्होंने न्यूजीलैंड की घरेलू टीमों वेलिंगटन फायरबर्ड्स और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के साथ काम किया। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के साथ रहते हुए वह 2025-26 सुपर स्मैश और 2024-25 प्लंकेट शील्ड खिताब जीतने वाली टीम के कोचिंग सेटअप का हिस्सा रहे।

नई जिम्मेदारी मिलने पर वॉटलिंग ने कहा कि वह टीम के साथ दोबारा जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि टीम में वापस आना और मौजूदा खिलाड़ियों के साथ काम करना मेरे लिए खास मौका है। पिछले कुछ सालों में इस टीम और सपोर्ट स्टाफ ने जो हासिल किया है, वह शानदार रहा है। वह इस वर्ल्ड क्लास टीम में अपना योगदान देने के लिए उत्सुक हैं।

कप्तान टॉम लैथम ने किया वॉटलिंग का स्वागत

न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टॉम लैथम ने भी वॉटलिंग की नियुक्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वॉटलिंग टीम की संस्कृति और माहौल में आसानी से फिट हो जाएंगे। लैथम के मुताबिक वॉटलिंग ने खिलाड़ी के तौर पर हमेशा मेहनत और दृढ़ता की मिसाल पेश की और यही रवैया उनकी कोचिंग में भी नजर आएगा।

वहीं, न्यूजीलैंड क्रिकेट ने जुलाई में पुष्टि की थी कि ल्यूक रोंची 6 साल की जिम्मेदारी के बाद बैटिंग कोच का पद छोड़ेंगे। रोंची को बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह इस साल पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

यह भी पढ़ें:

ईशान किशन निकल गए विराट कोहली से आगे, टी20 में एक साल में बने सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

वैभव सूर्यवंशी को 17 खिलाड़ियों में नहीं मिली जगह, स्क्वाड के साथ नए हेड कोच का भी हुआ ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।