1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने किया स्क्वॉड में बदलाव, कीमो पॉल की जगह शमार स्प्रिंगर की हुई एंट्री

टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने किया स्क्वॉड में बदलाव, कीमो पॉल की जगह शमार स्प्रिंगर की हुई एंट्री

बांग्लादेश दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम में एक बदलाव किया गया है। निजी कारणों से घर लौट रहे कीमो पॉल की जगह ऑलराउंडर शमार स्प्रिंगर की वेस्टइंडीज की टेस्ट स्क्वॉड में एंट्री हुई है।

Shamar Springer- India TV Hindi
Image Source : GETTY शमार स्प्रिंगर

इस महीने के अंत में वेस्टइंडीज की टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। इस दौरे के लिए विंडीज के स्क्वॉड का ऐलान पहले ही हो गया था। अब उन्होंने स्क्वॉड में एक बदलाव किया है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने यह घोषणा की है कि शमार स्प्रिंगर को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम में शामिल किया गया है। उन्हें कीमो पॉल की जगह टीम में जगह मिली है, जो निजी कारणों की वजह से अपने घर वापस लौट रहे हैं।

शमार स्प्रिंगर ने अभी तक नहीं किया है टेस्ट डेब्यू

28 साल के ऑलराउंडर शमार स्प्रिंगर ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। हालांकि वह वेस्टइंडीज के लिए 3 वनडे और 12 टी20 मैच खेल चुके हैं। उन्होंने अपने 23 फर्स्ट-क्लास मैचों में 32.59 की औसत से कुल 1043 रन बनाए हैं और 27.87 की औसत से 58 विकेट भी लिए हैं। साल 2026 की वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में बारबाडोस की तरफ से खेलते हुए उनका बल्ला खूब चला था, जहां उन्होंने 4 मैचों में 50.20 की शानदार औसत से 251 रन बनाए थे। हालांकि गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने 8 पारियों में 42.00 की औसत से 7 विकेट हासिल किए थे।

कीमो पॉल के बाहर होने से बांग्लादेश दौरे से पहले वेस्टइंडीज की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। टी20 और वनडे फॉर्मेट के कप्तान शाई होप को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जबकि तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत टीम से बाहर कर दिया गया है। आपको बता दें कि कीमो पॉल को शुरू में जोसेफ के विकल्प के तौर पर ही टीम में शामिल किया गया था।

टी20 सीरीज में पॉल और स्प्रिंगर का प्रदर्शन रहा शानदार

शमार स्प्रिंगर और कीमो पॉल दोनों ही हाल ही में भारत के दौरे पर वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे। दोनों प्लेयर्स का प्रदर्शन भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में काफी अच्छा रहा। यह दौरा शनिवार (17 अक्टूबर) को बेंगलुरु में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मैच के साथ समाप्त हुआ, जो बारिश की वजह से रद्द हो गया था। इस पूरे दौरे पर वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि टी20 सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुआ।

टेस्ट सीरीज का शेड्यूल

वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम बांग्लादेश दौरे की शुरुआत 22 से 24 अक्टूबर तक ढाका में होने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के साथ करेगी। इसके बाद पहला टेस्ट मैच 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मीरपुर में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट मैच 5 से 9 नवंबर तक सिलहट में होगा।

बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का अपडेटेड स्क्वॉड: रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वॉरिकन (उप-कप्तान), जोशुआ बिशप, जॉन कैंपबेल, तेगनारायण चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, आमिर जांगू (विकेटकीपर), शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, केमार रोच, जायडन सील्स, शमार स्प्रिंगर, केविन विकहम

यह भी पढ़ें

नाथन लियोन 13 साल में पहली बार प्लेइंग इलेवन से बाहर, ऑस्ट्रेलिया ने खेला ऑल-पेस अटैक का दांव

प्रियांश आर्या 199 रन बनाकर हुए आउट, गुजरात के खिलाफ मैच में कप्तान बडोनी ने भी ठोका शतक

Latest Cricket News