1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका पर सीरीज जीत के बाद वेस्टइंडीज को लगा तगड़ा झटका, ICC ने काटे WTC के 2 पॉइंट

श्रीलंका पर सीरीज जीत के बाद वेस्टइंडीज को लगा तगड़ा झटका, ICC ने काटे WTC के 2 पॉइंट

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण ICC ने वेस्टइंडीज पर कार्रवाई की है। टीम के खिलाड़ियों की मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दो पॉइंट भी काट लिए गए हैं।

West Indies - India TV Hindi
Image Source : AFP वेस्टइंडीज

श्रीलंका के खिलाफ 23 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतने की खुशी वेस्टइंडीज के लिए ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। ICC ने दूसरे टेस्ट में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के मामले में कैरेबियाई टीम पर बड़ी कार्रवाई की है। वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, जबकि टीम के दो पॉइंट ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC की पॉइंट्स टेबल से भी काट लिए गए हैं। यह कार्रवाई एंटीगा के नॉर्थ साउंड स्थित सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट के बाद की गई। यह मुकाबला ड्रॉ रहा था, जिसके दम पर वेस्टइंडीज ने दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। हालांकि, अब इस जीत के बाद टीम को पॉइंट्स टेबल में नुकसान झेलना पड़ा है।

WTC के दो पॉइंट भी कटे

ICC के एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने समय में मिलने वाली छूट को ध्यान में रखने के बाद पाया कि वेस्टइंडीज निर्धारित ओवर गति से दो ओवर पीछे रही। इसके बाद ICC नियमों के तहत टीम पर कार्रवाई की गई। ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, किसी टीम के तय समय में एक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। चूंकि वेस्टइंडीज दो ओवर पीछे रही, इसलिए खिलाड़ियों की मैच फीस का कुल 10 प्रतिशत काटा गया। नियमों के मुताबिक यह जुर्माना अधिकतम 50 प्रतिशत तक लगाया जा सकता है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के नियम 16.11.2 के तहत निर्धारित ओवर गति से हर एक ओवर पीछे रहने पर टीम का एक पॉइंट काटा जाता है। इसी नियम के तहत वेस्टइंडीज के दो WTC पॉइंट कम कर दिए गए। इस कटौती के बाद वेस्टइंडीज पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर ही बनी हुई है, लेकिन उसका पॉइंट्स प्रतिशत यानी PCT घटकर 15.00 रह गया है। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ सीरीज समाप्त होने के बाद टीम का PCT 16.67 था।

कप्तान ने स्वीकार की गलती

वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने स्लो ओवर रेट की गलती स्वीकार करते हुए ICC की ओर से प्रस्तावित सजा मान ली। इसके चलते इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायर पॉल राइफल और अहसान रजा, थर्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर डाइटन बटलर ने वेस्टइंडीज पर यह आरोप लगाया था, जिसके बाद मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने अंतिम फैसला सुनाया। वेस्टइंडीज ने हाल ही में श्रीलंका को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से हराकर 23 साल बाद उसके खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने का इतिहास रचा था। लेकिन अब ICC की इस कार्रवाई से टीम की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान को शुरुआती झटका लगा है।

यह भी पढ़ें:

WTC: भारत बनाम अफगानिस्तान मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा क्यों नहीं है, क्या है इसके पीछे की पूरी वजह

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 160 रन से हराया, डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में भी मिला फायदा

Latest Cricket News