1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WI ने 23 साल में पहली बार जीती लंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज, WTC पॉइंट्स टेबल में क्या हुआ बदलाव?

WI ने 23 साल में पहली बार जीती लंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज, WTC पॉइंट्स टेबल में क्या हुआ बदलाव?

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 08, 2026 04:27 pm IST,  Updated : Jul 08, 2026 04:30 pm IST

वेस्टइंडीज दौरे पर श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा है। मेजबान वेस्टइंडीज ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

WI vs SL- India TV Hindi
वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका Image Source : AFP

वेस्टइंडीज ने आखिरकार वह कारनामा कर दिखाया, जिसका उसे दो दशक से ज्यादा समय से इंतजार था। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से जीतकर कैरेबियाई टीम ने 23 साल बाद लंकाई टीम पर टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज की। हालांकि, एंटीगा में खेला गया दूसरा और आखिरी टेस्ट ड्रॉ रहा, लेकिन पहले मुकाबले में मिली जीत के दम पर वेस्टइंडीज ने सीरीज अपने नाम कर ली। यह टीम की पिछले तीन साल और पांच महीने में पहली टेस्ट सीरीज जीत भी है।

नॉर्थ साउंड के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 9 विकेट पर 251 रन बनाकर घोषित की और वेस्टइंडीज को जीत के लिए 302 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में मेजबान टीम ने बिना किसी नुकसान के 40 ओवर में 109 रन बना लिए थे, तभी खराब रोशनी और समय समाप्त होने के कारण मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया। इस नतीजे के साथ वेस्टइंडीज ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। आइए जानते हैं कि इस सीरीज के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में क्या बदलाव हुआ है?

WTC पॉइंट्स टेबल में क्या बदला?

दरअसल, दूसरा मुकाबला ड्रॉ होने से दोनों टीमों को चार-चार अंक मिले। श्रीलंका के कुल पॉइंट 16 से बढ़कर 20 हो गए, लेकिन उसका पॉइंट्स प्रतिशत यानी PCT घटकर 41.67 रह गया। इसके बावजूद श्रीलंकाई टीम छठे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, वेस्टइंडीज का PCT 14.81 से बढ़कर 16.67 हो गया। हालांकि इस सुधार के बावजूद टीम आठवें स्थान पर ही कायम है।

टॉप-3 में कोई बदलाव नहीं

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया अब भी पहले स्थान पर काबिज है। उसने अब तक खेले 8 में से 7 मैच जीतकर 87.50 PCT हासिल किया है। मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका 75 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है। टीम ने इस चक्र में खेले गए चार में से तीन मुकाबले अपने नाम किए हैं। तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड है, जिसका PCT 72.22 है। इंग्लैंड दौरे से कीवी टीम ने 24 पॉइंट जुटाए हैं।

बांग्लादेश 58.33 PCT के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि भारत 48.15 PCT के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद है। इसके बाद श्रीलंका और फिर 24.36 PCT के साथ इंग्लैंड 7वें पायदान पर है। वेस्टइंडीज 8वें और सबसे आखिर में पाकिस्तान मौजूद है। पाकिस्तान का PCT सिर्फ 8.33 है। बता दें, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग कुल पॉइंट्स के बजाय पॉइंट्स प्रतिशत यानी PCT के आधार पर तय होती है। किसी टेस्ट मैच में जीत पर 12 पॉइंट मिलते हैं, जबकि ड्रॉ होने पर दोनों टीमों को 4-4 पॉइंट दिए जाते हैं। टाई मैच की स्थिति में दोनों टीमों को 6-6 पॉइंट मिलते हैं। हारने पर कोई पॉइंट नहीं मिलता, हालांकि स्लो ओवर रेट कारण पॉइंट काटे जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें:

WTC: भारत बनाम अफगानिस्तान मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा क्यों नहीं है, क्या है इसके पीछे की पूरी वजह

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 160 रन से हराया, डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में भी मिला फायदा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल