पाकिस्तान में खेली जाने वाली उनकी फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी सीजन का आगाज 26 मार्च से होगा जिसमें उससे पहले ही खिलाड़ियों के नाम वापस लेना शुरू हो गया है। पीएसएल 2026 के सीजन में लाहौर कलंदर्स के स्क्वाड का हिस्सा वेस्टइंडीज टीम के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती ने अपना नाम वापस लेने का फैसला लिया है। मोती के नाम वापस लेने के पीछे की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को माना जा रहा है, जिसके चलते टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म के बाद भी उन्हें घर लौटने में काफी समय लग गया।
लाहौर कलंदर्स ने मोती की जगह वेलालगे को बनाया हिस्सा
गुडाकेश मोती को लाहौर कलंदर्स ने पीएसएल 2026 के प्लेयर ऑक्शन में 1.10 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में अपना हिस्सा बनाया था। अब उन्होंने इसमें नहीं खेलने का फैसला लिया है, जिसके साथ ही लाहौर कलंदर्स ने आगामी सीजन को लेकर श्रीलंकाई टीम के स्पिन गेंदबाज दुनिथ वेल्लागे को अपना हिस्सा बनाया है। मोती के टूर्नामेंट से बाहर होने के पीछे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार गुडाकेश मोती मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते अब फिर से उसी स्थिति में नहीं फंसना चाहते हैं, जिसके चलते उन्होंने ये फैसला लिया है।
जिम्बाब्वे टीम के तेज गेंदबाज ने भी पीएसएल में नहीं खेलने का लिया फैसला
पीएसएल 2026 से नाम वापस लेने वाले खिलाड़ियों में गुडाकेश मोती के अलावा जिम्बाब्वे टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी का नाम भी शामिल है। हालांकि उनका फैसला थोड़ा अलग है जिसमें उन्होंने पीएसएल की जगह पर आईपीएल 2026 के सीजन में खेलने का फैसला लिया है। ब्लेसिंग मुजरबानी पहले पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड की तरफ से खेलने वाले थे, लेकिन केकेआर ने उन्हें आगामी आईपीएल सीजन के लिए अपना हिस्सा बनाया है, जिसके बाद अब वह पीएसएल में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। ब्लेसिंग मुजरबानी को लेकर बात की जाए तो वह हाल में ही खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे के स्क्वाड का भी हिस्सा थे, जिसमें उनका गेंद से शानदार प्रदर्शन भी देखने को मिला था। ब्लेसिंग मुजरबानी ने अब तक 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 21.34 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 106 विकेट अपने नाम किए हैं।
ये भी पढ़ें
PAK vs BAN: पाकिस्तान की फिर खुली पोल, वनडे में नहीं खेल पाई 50 ओवर, 43 रन पर गिरे 7 विकेट
टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर बौखला गए माइकल वॉन, कहा - साउथ अफ्रीका को जानबूझकर हारना चाहिए था
Latest Cricket News