A
Hindi News खेल क्रिकेट विजय हजारे ट्रॉफी में अब कब और किस टीम के खिलाफ एक्शन में होंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा?

विजय हजारे ट्रॉफी में अब कब और किस टीम के खिलाफ एक्शन में होंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा?

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विराट कोहली और रोहित शर्मा का आगाज शानदार रहा। दोनों ने टूर्नामेंट के पहले ही दिन शानदार शतक जड़ने का बड़ा कारनामा किया।

Virat Kohli and Rohit Sharma- India TV Hindi Image Source : PTI विराट कोहली और रोहित शर्मा

भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े ODI टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी के नए सीजन का 24 दिसंबर को धमाकेदार अंदाज में आगाज हुआ। इस टूर्नामेंट के पहले ही दिन सेंचुरी की झड़ी लग गई। कुल 22 शतक टूर्नामेंट के पहले दिन देखने को मिले, जिसमें पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के शानदार सैकड़े भी शामिल रहे। रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी में लंबे समय बाद वापसी करते हुए मुंबई के लिए धमाकेदार सेंचुरी जड़ी। रोहित शर्मा ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सिक्किम के खिलाफ ताबड़तोड़ अंदाज में शतक ठोका। उन्होंने महज 62 गेंद पर अपना शतक पूरा किया, जिसमें 80 रन बाउंड्री से आए। इस तरह उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना 37वां शतक जड़ने का कारनामा किया। रोहित के बल्ले से 155 रनों की शानदार शतकीय पारी देखने को मिली, जिसमें 18 चौके और 9 छक्के शामिल थे। हिटमैन के तूफानी शतक से मुंबई की टीम सिक्किम को 8 विकेट से पटखनी देने में सफल रही।

विराट ने दिखाया दम

रोहित की तरह विराट कोहली का बल्ला भी विजय हजारे ट्रॉफी के ओपनिंग डे पर जमकर बोला। विराट कोहली ने दिल्ली की ओर से घरेलू ODI क्रिकेट में लंबे समय बाद वापसी करते हुए फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया। विराट ने आंध्रा के खिलाफ बेंगलुरु में 83 गेंद पर अपना शतक पूरा किया, जो उनका लिस्ट-ए क्रिकेट में 58वां शतक है। इस शतक के साथ ही कोहली लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा 60 शतक ठोकने वाले सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड के नजदीक पहुंच गए। विराट की इस शतकीय पारी की बदौलत दिल्ली की टीम आंध्रा को 4 विकेट से हराने में सफल रही।

RO-KO कब और किस टीम के खिलाफ खेलेंगे अगला मैच

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के अपने-अपने पहले मैच में जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अब फैंस दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के अगले मैच में उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि अब विजय हजारे ट्रॉफी में कब और किस टीम के खिलाफ खेलेंगे दोनों दिग्गज। दरअसल, मुंबई की टीम का अगला मुकाबला उत्तराखंड़ से है, जो 26 दिसंबर को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के जरिए फैंस को एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में रोहित शर्मा का जलवा देखने को मिलेगा। बात की जाए विराट कोहली की तो, वो भी 26 दिसंबर को एक्शन में होंगे। इस दिन दिल्ली की टीम बेंगलुरु में गुजरात के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी।

यह भी पढ़ें

कर्नाटक ने विजय हजारे ट्रॉफी में रचा इतिहास, 13 साल पुराने रिकॉर्ड को किया चकनाचूर

टेम्बा बावुमा ने अब "बौना" कहे जाने को लेकर तोड़ी चुप्पी, कहा - आप नहीं भूलते क्या बोला गया था

Latest Cricket News