1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 6 फीट 5 इंच, 125 किलो वजन, बेन स्टोक्स और एटकिंसन से नाइट क्लब में भिड़ने वाला निकला रग्बी प्लेयर

6 फीट 5 इंच, 125 किलो वजन, बेन स्टोक्स और एटकिंसन से नाइट क्लब में भिड़ने वाला निकला रग्बी प्लेयर

इंग्लैंड टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन लंदन के एक नाइटक्लब में हुए विवाद के बाद चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाइट क्लब में स्टोक्स और एटकिंसन के साथ हुई झड़प में शामिल रग्बी खिलाड़ी की पहचान 21 साल के टोटोआ औवा के रूप में हुई है।

Ben Stokes- India TV Hindi
Image Source : AP/SARACENS बेन स्टोक्स और टोटोआ औवा

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के साथ नाइटक्लब में हुए विवाद ने खेल जगत में हलचल मचा दी है। अब इस पूरे मामले में जिस रग्बी खिलाड़ी का नाम सामने आया है, वह कोई आम खिलाड़ी नहीं बल्कि 6 फीट 5 इंच लंबे और करीब 125 किलो वजन वाले टोटोआ औवा हैं। उनकी पहचान सामने आने के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।

रग्बी खिलाड़ी से हुआ विवाद

टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 8 जून की तड़के लंदन के चेल्सी स्थित रेक्स रूम्स नाइटक्लब में हुई। बताया जा रहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन क्लब के VIP एरिया में मौजूद थे। इसी दौरान सरैसेंस रग्बी क्लब के कुछ खिलाड़ियों के साथ विवाद बढ़ गया, जिसमें टोटोआ औवा भी शामिल थे। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि औवा ने गस एटकिंसन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन गलती से पंच इंग्लैंड टीम के सुरक्षा गार्ड को लग गया। इस झड़प में गार्ड घायल हो गया और उसे टांके लगवाने पड़े। घटना के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कौन हैं टोटोआ औवा?

21 साल टोटोआ औवा सरैसेंस क्लब के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। समोआ मूल के औवा अपनी ताकत और विशाल शरीर के कारण रग्बी सर्किट में तेजी से पहचान बना रहे थे। पिछले सीजन में वह लोन पर इंग्लैंड की सेकेंड डिवीजन टीम एम्पथिल के लिए खेले थे, जहां उन्होंने 17 मुकाबले खेले। इसके अलावा वह समोआ अंडर-20 और समोआ A टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। हालांकि, इस विवाद के बाद उनके भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार सरैसेंस क्लब भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

बेन और एटकिंसन के भविष्य पर लटकी तलवार

ECB ने बयान जारी करते हुए कहा कि टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच की जा रही है। बोर्ड ने पुष्टि की कि 8 जून की सुबह स्टोक्स और एटकिंसन नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां यह घटना हुई। फिलहाल दोनों खिलाड़ियों के 17 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं बेन स्टोक्स की कप्तानी पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

यह भी पढ़ें:

राहुल द्रविड़ के बाद अब मैथ्यू हेडन बने इंग्लैंड में टीम के बॉस और कोच, पहली बार होगा लीग का आयोजन

लॉर्ड्स और गद्दाफी स्टेडियम पर ICC ने की बड़ी कार्रवाई, खराब पिच के लिए मिला 1-1 डिमेरिट पॉइंट

Latest Cricket News