ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मैथ्यू हेडन अब यूरोप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। वर्ल्ड कप विजेता और क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक ओपनरों में शामिल हेडन को यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग यानी ETPL की फ्रेंचाइजी ग्लासगो कॉस्मिक ने अपना को-ओनर और हेड कोच नियुक्त किया है। यह लीग पहली बार आयोजित होने जा रही है और हेडन जैसे बड़े नाम की एंट्री ने टूर्नामेंट को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।
टीम में कई बड़े नाम शामिल
ग्लासगो कॉस्मिक की टीम में कई बड़े इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल हैं। स्क्वाड में फिन एलेन, लियाम लिविंगस्टोन, जोश फिलिप, मोइसेस हेनरिक्स, कमिंदु मेंडिस, केशव महाराज, लुंगी एंगिडी, गेरहार्ड इरास्मस, डुआन जानसेन और अली खान जैसे नाम मौजूद हैं। इसके अलावा स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन और स्टार बल्लेबाज जॉर्ज मुंसी भी टीम का हिस्सा हैं। स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों को टीम में अहम जिम्मेदारी देने से साफ है कि फ्रेंचाइजी स्थानीय क्रिकेट को भी मजबूत करना चाहती है।
हेडन ने टीम से जुड़ने पर कहा कि उन्हें इस प्रोजेक्ट की सोच और विजन ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस फ्रेंचाइजी की महत्वाकांक्षा और साफ सोच ने आकर्षित किया। मजबूत टीम वही होती है जिसकी नींव अच्छे मूल्यों और बड़े विजन पर रखी जाए। वह ग्लासगो में कुछ खास बनाने के लिए उत्साहित हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्टार ने आगे कहा कि उनकी कोशिश टीम में ऐसा माहौल बनाने की होगी जहां खिलाड़ी दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना सीखें और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंच सकें। साथ ही उन्होंने ETPL को यूरोप में क्रिकेट के विस्तार और नई प्रतिभाओं को मंच देने का शानदार अवसर बताया।
26 अगस्त से होगा सीजन का आगाज
बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने पिछले साल 27 नवंबर को ETPL को मंजूरी दी थी। यह टूर्नामेंट आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स क्रिकेट बोर्ड के संयुक्त प्रयास से शुरू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य यूरोप में क्रिकेट को नई पहचान दिलाना है। ETPL का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक खेला जाएगा। लीग में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी और 33 मुकाबले खेले जाएंगे। इससे पहले राहुल द्रविड़ को डबलिन फ्रेंचाइजी का मालिक घोषित किया गया था। ग्लासगो के अलावा एम्स्टर्डम, एडिनबर्ग, बेलफास्ट, रॉटरडैम और डबलिन की टीमें इस ऐतिहासिक लीग में खेलती नजर आएंगी।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश वर्सेस ऑस्ट्रेलिया पहले वनडे में जमकर हुआ ड्रामा, नाहिद राणे ने कप्तान के साथ की बदतमीजी
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स के नाम हुआ अनचाहा हैट्रिक, शर्मनाक लिस्ट में अब सिर्फ पापुआ न्यू गिनी से पीछे