1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विल जैक्स ने गेंदबाजी में किया कमाल, 5 विकेट लेकर पहले वनडे में श्रीलंका को थमाई करारी हार

विल जैक्स ने गेंदबाजी में किया कमाल, 5 विकेट लेकर पहले वनडे में श्रीलंका को थमाई करारी हार

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 23, 2026 07:02 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 07:03 am IST

इंग्लैंड ने श्रीलंका को पहले वनडे मैच में 89 रन से हराकर 3 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली इंग्लैंड की पिच पर इस बार स्पिनरों का दबदबा रहा। इंग्लैंड के पार्ट-टाइम स्पिनर विल जैक्स ने बल्ले से उपयोगी रन बनाने के साथ-साथ 5 विकेट भी झटके।

England Cricket Team- India TV Hindi
इंग्लैंड क्रिकेट टीम Image Source : AP

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इसका पहला मैच चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने श्रीलंका को 89 रनों से हरा दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 265 रन बनाकर आउट हो गई। लेकिन जवाब में उतरी श्रीलंका की टीम 200 रन भी नहीं बना पाई और 176 रन पर ही सिमट गई। इंग्लैंड के खिलाड़ी विल जैक्स इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने बल्ले से शानदार नाबाद 46 रन बनाए और फिर गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका के 5 विकेट झटके। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विल जैक्स को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया और इंग्लैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इससे पहले टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 3-0 से हराया था

हैरी ब्रूक ने बनाए इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 67 रन

इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत खराब रही और महज 16 रन पर पहला विकेट गिर गया। हालांकि इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की अच्छी साझेदारी हुई, जिससे टीम वापसी करने में कामयाब रही। आगे भी लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन खिलाड़ियों के बीच छोटी-छोटी साझेदारियों के बदौलत मेजबान इंग्लैंड की टीम 49वें ओवर की पहली गेंद पर ऑलआउट होने से पहले बोर्ड पर 265 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाने में कामयाब रही। इंग्लैंड के लिए इस मैच में टॉप स्कोरर कप्तान हैरी ब्रूक थे, जिन्होंने 69 गेंदों में 67 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में असिता फर्नांडो और सचिंदु कोलंबगे ने 3-3 विकेट हासिल किए।

विल जैक ने 4 गेंदों के अंदर झटके 3 विकेट

जब श्रीलंका की टीम 266 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसकी शुरुआत खराब रही। टीम लगातार अपने विकेट खोती रही और आखिरकार पूरी टीम 176 रनों पर ही सिमट गई। इंग्लैंड के गेंदबाज विल जैक्स ने महज चार गेंदों के अंदर आखिरी के 3 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को खत्म कर दिया। श्रीलंका की तरफ से दुनिथ वेलालगे ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए, जबकि कप्तान कुसल मेंडिस ने 42 और पथुम निसंका ने 27 रनों का योगदान दिया। हालांकि, विल जैक्स के 5 विकेट और जैमी ओवर्टन के 2 विकेटों के आगे श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। पूरी टीम 37वें ओवर में ही ऑलआउट हो गई। टी-20 सीरीज की तरह ही वनडे सीरीज में भी श्रीलंका की शुरुआत निराशाजनक रही है। हालांकि सीरीज में अभी दो मैच बाकी हैं, लेकिन श्रीलंका के लिए यहां से वापसी करना और सीरीज जीतना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें

टीम इंडिया फिर से नंबर वन, अंग्रेजों को पछाड़कर आईसीसी रैंकिंग में किया टॉप

एशियन गेम्स के लिए श्रीलंकाई टीम का ऐलान, 6 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले सहन अराचिगे को बनाया कप्तान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल