1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान की टेस्ट टीम में हुए बड़े बदलाव, 3 नए चेहरों को पहली बार स्क्वाड में मिली एंट्री

पाकिस्तान की टेस्ट टीम में हुए बड़े बदलाव, 3 नए चेहरों को पहली बार स्क्वाड में मिली एंट्री

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 07, 2026 04:11 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 04:13 pm IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम में चार खिलाड़ियों को शामिल किया है। आमिर जमाल की वापसी हुई है, जबकि अली शब्बीर, मोहम्मद तैयब आरिफ और साकिब खान को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है।

Pakistan Test Squad - India TV Hindi
पाकिस्तान क्रिकेट टीम Image Source : AFP

पाकिस्तान क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नए चेहरों के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है। दो मैचों की इस सीरीज से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने अपने टेस्ट स्क्वॉड में चार खिलाड़ियों को शामिल कर बड़ा बदलाव किया है। इनमें तीन ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें पहली बार पाकिस्तान की नेशनल टेस्ट टीम में जगह मिली है। वहीं, अनुभवी ऑलराउंडर आमिर जमाल की भी टीम में वापसी हुई है।

PCB ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए आमिर जमाल, युवा तेज गेंदबाज अली शब्बीर, बल्लेबाज मोहम्मद तैयब आरिफ और तेज गेंदबाज साकिब खान को 16 सदस्यीय टीम में शामिल करने का ऐलान किया। तैयब, अली और साकिब को पहली बार पाकिस्तान की टेस्ट टीम में जगह मिली है। दूसरी ओर, अली उस्मान और अब्दुल्ला फजल को टीम से रिलीज कर दिया गया है।

आमिर जमाल की वापसी

आमिर जमाल पाकिस्तान के लिए 9 टेस्ट, 3 ODI और 6 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। हाल ही में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 के फाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। इस मुकाबले में आमिर ने 32 रन देकर 7 विकेट झटके और बल्ले से भी 55 रन की अहम पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत मार्कहोर आईटी सॉल्यूशंस ने खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने कायद-ए-आजम ट्रॉफी गोल्ड के शुरुआती दौर में लाहौर व्हाइट्स की कप्तानी भी की। इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी में तीन विकेट लेने के साथ बल्ले से 74 और 23 रन बनाए।

तैयब और साकिब को पहली बार मिला मौका

बल्लेबाज मोहम्मद तैयब आरिफ ने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा है। उन्होंने डिपार्टमेंटल फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट में किंग्समेन एकेडमी की कप्तानी करते हुए सात मुकाबलों में 66.09 की औसत से 727 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक भी निकले। वहीं, 19 साल के तेज गेंदबाज अली शब्बीर ने अब तक आठ फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 22 विकेट हासिल किए हैं। श्रीलंका के खिलाफ अभ्यास मैच में भी उन्होंने तीन विकेट लेकर प्रभावित किया था। तेज गेंदबाज साकिब खान ने कायद-ए-आजम ट्रॉफी 2025-26 में कराची ब्लूज की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 9 मैचों में 20.60 की औसत से 47 विकेट झटके। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 34 रन देकर सात विकेट रहा।

9 नवंबर से शुरू होगा पहला टेस्ट

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 9 नवंबर से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। PCB ने इस सीरीज के लिए बाबर आजम को कप्तान बनाया है। टीम में सऊद शकील, सलमान अली आगा, मोहम्मद अब्बास और आजान अवैस जैसे खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की 16 सदस्यीय टीम: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अली शब्बीर, अराफात मिन्हास, आजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, मोहम्मद तैयब आरिफ, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास, साकिब खान और सऊद शकील।

यह भी पढ़ें:

मोहम्मद शमी के रिटायरमेंट पर आया BCCI का बड़ा बयान, खास अंदाज में दी विदाई

हार्दिक पांड्या घरेलू टी20 टीम से भी हुए बाहर, SMAT के लिए बड़ौदा की टीम में नहीं मिली जगह

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।