1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर के रामबन में 2 पुलिसकर्मियों की मौत, कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिले थे दोनों; उलझी जान जाने की गुत्थी

जम्मू-कश्मीर के रामबन में 2 पुलिसकर्मियों की मौत, कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिले थे दोनों; उलझी जान जाने की गुत्थी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 23, 2026 08:57 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 08:57 am IST

रामबन के बटोट में कार से 2 पुलिसकर्मी बेहोशी की हालत में मिले थे। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन दोनों को मृत घोषित कर दिया गया है। इस घटना ने इलाके में सनसनी पैदा कर दी है।

Ramban policemen found dead- India TV Hindi
रामबन में कार के अंदर बेहोश मिले 2 पुलिसकर्मी। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बटोट में बीते मंगलवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जियारत मोड़ पर सना इलाके में एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी बेहोशी की हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फरीद अहमद और याकूब की अचानक मौत से सनसनी

मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (408/Rbn) और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद याकूब (309/Rbn) के रूप में हुई है। दोनों DPL रामबन में तैनात थे। हर कोई इस चिंता में आखिर ऐसा हुआ कैसे। पुलिस का कहना है कि इसके पीछे की क्या वजह है, उसका पता लगाया जा रहा है।

कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिले दोनों पुलिसकर्मी

पुलिस के मुताबिक, दोनों बेहोशी की हालत में Fiat Vias कार में मिले। ये कार जम्मू-कश्मीर की नंबर प्लेट वाली ही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के पार्थिव शरीरों को उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा।

अनंतनाग-कोकरनाग रोड पर पुलिसकर्मी पर चली थी गोली

इससे पहले, हाल ही में कश्मीर में अनंतनाग-कोकरनाग रोड पर एक पुलिसकर्मी के शहीद होने की घटना हुई थी। आतंकियों की गोलीबारी में एक शख्स घायल भी हो गया था। अधिकारियों ने बताया था कि गोलीबारी की घटना में गंभीर तौर पर जख्मी हुए एक पुलिसकर्मी की हॉस्पिटल में मौत हो गई। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान बडगाम के आशिक हुसैन (IRP 3rd Bn) के रूप में की गई थी, जो यात्रा ड्यूटी पर तैनात थे। 

हॉस्पिटल में पुलिसकर्मी ने तोड़ दिया था दम

इस आतंकी हमले में गंभीर तौर पर घायल होने के बाद आशिक हुसैन को तुरंत इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां बाद में उनकी मौत हो गई थी। वारदात के तुरंत बाद, सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया था। खबरों के मुताबिक, आतंकवादियों ने सड़क पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की थी।

(इनपुट- शाम सधोत्रा)

ये भी पढ़ें- पुंछ के मेन मार्केट में ज्वेलरी शॉप पर पुलिस का छापा, AK-47 राइफल, जिंदा कारतूस और पाकिस्तानी करेंसी-झंडे बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।