श्रीनगर के लाल चौक इलाके में रविवार को एक बैनर लगा मिला, जिसमें कश्मीर में वांछित 4 आतंकवादियों के बारे में सुरक्षा बलों को जानकारी देने की अपील की गई है। यह बैनर रविवार सुबह यहां प्रताप पार्क की दीवार पर लगा मिला। इसमें जिन चार आतंकवादियों के बारे में जानकारी मांगी गई है, उनमें मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है, जो इस साल जुलाई में अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल था।
जानकारी देने पर इनाम की घोषणा
बैनर पर अन्य तीन आतंकवादियों बिलाल अहमद मीर, मोहम्मद उमर मीर और आबिद कयूम लोन के नाम हैं। ये तीनों बारामूला जिले के रहने वाले हैं। इन बैनर के जरिए सुरक्षा एजेंसियों ने आम लोगों से आतंकियों के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की है।
बैनर पर लिखा है, ''इन आतंकवादियों की गतिविधियों या उनके ठिकानों के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सही सूचना देने पर उचित नकद इनाम दिया जाएगा।''

गुप्त रखी जाएगी जानकारी देने वाले की पहचान
बैनर में जनता से अपील की गई है कि वे इन लोगों की गतिविधियों या मौजूदगी के बारे में कोई भी विश्वसनीय जानकारी साझा करें। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। बैनर में लोगों से कहा गया है कि आतंकियों की गतिविधियों, आवाजाही या उनके ठिकाने के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी मिलती है तो वह तत्काल दिए गए संपर्क नंबरों पर सूचना साझा करे।
आतंकियों के 2 मददगार गिरफ्तार
हाल ही में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकियों की मदद करने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई आतंकी मॉड्यूल की जांच का हिस्सा है। आरोप है कि इस मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर अलगाववादी विचारधारा और प्रचार को बढ़ावा दिया जा रहा था।
अक्टूबर में 2 आतंकी ढेर
इससे पहले पिछले महीने 17 अक्टूबर को कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान की ओर से हो रही घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया। एनकाउंटर में 2 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
Exclusive: 'शायद अल्लाह ने मुझे...', आतंक के दौर में कश्मीरी मुस्लिम ने की 111 मंदिरों की देखभाल