1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. बस चालक का आरोप- ‘हरियाणा में मुझे आतंकवादी कहा गया, हमलावर बोले- कश्मीर की गाड़ियां इस रास्ते से नहीं जाने देंगे’

बस चालक का आरोप- ‘हरियाणा में मुझे आतंकवादी कहा गया, हमलावर बोले- कश्मीर की गाड़ियां इस रास्ते से नहीं जाने देंगे’

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 19, 2026 08:59 am IST,  Updated : Oct 19, 2026 09:07 am IST

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास बस में तोड़फोड़ की गई। ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। ड्राइवर ने बताया कि हमलावरों ने उसे आतंकवादी कहा और बस को तोड़ने लगे।

ड्राइवर और दिल्ली से कश्मीर जा रही लक्जरी बस- India TV Hindi
ड्राइवर और दिल्ली से कश्मीर जा रही लक्जरी बस Image Source : X@IMRANNDAR AND ANI

श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस के चालक ने आरोप लगाया कि हरियाणा में रात के भोजन के लिए एक ढाबे पर रुकने के दौरान उसे 'आतंकवादी' कहा गया। चालक ने आरोप लगाया कि इस दौरान विवाद बढ़ गया और बस पर हमला किया गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई। 

कुरुक्षेत्र के पास बस पर किया गया पथराव

बस ड्राइवर ने दावा किया कि कुरुक्षेत्र के पास बस पर पथराव किया गया, जिससे उसकी खिड़कियों के शीशे टूट गए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनके कार्यालय ने यह मामला हरियाणा सरकार के समक्ष उठाया है, जिस पर हरियाणा सरकार ने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। 

दो लोगों को लिया गया हिरासत में

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के करनाल जिले में विवाद के बाद बस पर पथराव करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस घटना में बस का एक यात्री और ढाबे का एक कर्मचारी घायल हो गए। रामबन पहुंचने पर पीटीआई से बातचीत में बस चालक वकार चौधरी ने बताया कि घटना नीलोखेड़ी में एक होटल के बाहर हुई, जहां उसने 35 यात्रियों को लेकर श्रीनगर जा रही बस को रात के भोजन के लिए रोका था। 

रात के भोजन के लिए होटल के पास खड़ी थी बस

बस चालक ने कहा, ''बस श्रीनगर-दिल्ली मार्ग पर चलती है। मैंने रात के भोजन के लिए बस एक होटल में खड़ी की थी। उस समय मैंने देखा कि पार्किंग में पहले से कुछ लोग मौजूद थे। उनमें से एक ने शुरुआत में दूर से ही मुझे चिल्लाकर बस हटाने के लिए कहा।'' बस चालक वकार चौधरी ने आरोप लगाया, "वह मेरे पास आया और मुझे 'आतंकवादी' कहने लगा। उसने फिर से बस हटाने को कहा। इसके बाद उसने बस की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और फिर चाबी से खिड़की के शीशे पर वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह बस के अंदर घुस आया और मेरे साथ मारपीट करने लगा। वह कह रहा था कि वे जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को इस मार्ग पर चलने नहीं देंगे।" 

ड्राइवर को बस से खींचने की कोशिश

बस ड्राइवर वकार चौधरी ने आरोप लगाया कि घटना के समय आधे से अधिक यात्री बस से उतर चुके थे, जबकि 6-7 यात्री अब भी बस के अंदर मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया, "उस व्यक्ति ने यात्रियों के सामने मुझे गालियां दीं और बस से बाहर खींचने की कोशिश की। होटल के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और मेरी सुरक्षा के लिए मुझे अंदर ले गए। इस बीच, उस व्यक्ति ने कुछ अन्य लोगों को बुलाया, जो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे। इस घटना में तीन-चार लोग शामिल थे और उन्होंने बस में तोड़फोड़ की।" 

चौधरी ने बताया कि हमले में दो यात्री भी घायल हो गए। पुलिस से सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए चौधरी ने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण कश्मीर के परिवहन कारोबारियों को उत्पीड़न, डर एवं धमकी का सामना करना पड़ता है।

ये भी पढ़ें: 

जम्मू-कश्मीर में IAS-JKAS अधिकारी में बहस पर बवाल! CM-LG दोनों ने दिए जांच के आदेश, JKAS एसोसिएशन ने भी किया हड़ताल का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।