विजय हजारे ट्रॉफी में राजकोट में खेले गए मुकाबले में हैदराबाद के युवा ओपनर अमन राव ने ऐसा तूफान मचाया, जिसने फैंस और क्रिकेट के जानकारों को सभी को हैरान कर दिया। बंगाल के खिलाफ अमन ने नाबाद 200 रन की ऐतिहासिक पारी खेली और हैदराबाद को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। महज 21 साल के अमन राव ने 154 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया, जिसमें 12 चौके और 13 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि अमन ने अपने 200 रन का आंकड़ा भी एक शानदार छक्के के साथ छुआ।
हाल ही में IPL 2026 ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स द्वारा 30 लाख रुपये में खरीदे गए इस युवा बल्लेबाज ने मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार जैसे अनुभवी इंटरनेशनल गेंदबाज के सामने भी जबरदस्त आत्मविश्वास और तकनीक का परिचय दिया। अमन की इस पारी में आक्रामकता के साथ-साथ संयम और जज्बा भी साफ नजर आया। उनकी बल्लेबाजी ने न सिर्फ स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया, बल्कि मैच की दिशा भी पूरी तरह हैदराबाद के पक्ष में मोड़ दी।
कौन हैं अमन राव?
अमन राव का जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ था, लेकिन उनकी परवरिश हैदराबाद में हुई। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। T20 क्रिकेट में 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ अमन ने खुद को एक मजबूत टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है। अमन ने अंडर-23 स्टेट ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 6 मैचों में 381 रन बनाए। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के खिलाफ अर्धशतक जड़ा और शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में 24 रन ठोककर सुर्खियां बटोरीं। इसी दमदार फॉर्म का फायदा उन्हें IPL 2026 ऑक्शन में मिला।
विजय हजारे ट्रॉफी में नया रिकॉर्ड
अमन राव विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले पहले हैदराबाद बल्लेबाज बन गए हैं। कुल मिलाकर वह इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में दोहरा शतक जड़ने वाले नौवें बल्लेबाज हैं। इसके साथ ही वह मौजूदा सीजन में ओडिशा के स्वस्तिक समाल के बाद दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बने। अब देखना दिलचस्प होगा कि अमन आने वाले मैचों में और कितने रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं।
यह भी पढ़ें
IND vs NZ: टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी, इस खिलाड़ी से नहीं बन रहे रन, बैक टू बैक दो पारियों में फ्लॉप
इस खिलाड़ी ने रच दिया इतिहास, लेकिन नहीं आ रहा टीम इंडिया से बुलावा, ऐसा कारनामा करने वाला अकेला बल्लेबाज
Latest Cricket News