1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वाइड गेंद विकेटकीपर के ऊपर से गई बाउंड्री पार, फिर भी नहीं मिला छक्का, VIDEO हो रहा वायरल

वाइड गेंद विकेटकीपर के ऊपर से गई बाउंड्री पार, फिर भी नहीं मिला छक्का, VIDEO हो रहा वायरल

कनाडा में एक क्रिकेट मैच के दौरान मजेदार घटना देखने को मिली। अमेरिका के गेंदबाज अली खान ने एक ऐसी गेंद फेंकी, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

Ali Khan- India TV Hindi
Image Source : AFP अली खान

कनाडा सुपर60 के सेमीफाइनल में एक ऐसी गेंद देखने को मिली, जिसने कुछ देर के लिए मैदान पर मौजूद हर शख्स को कन्फ्यूज कर दिया। अमेरिका के तेज गेंदबाज अली खान ने मिसिसॉगा मास्टर्स के खिलाफ कायरन पोलार्ड को बाउंसर डालने की कोशिश की, लेकिन गेंद इतनी छोटी और तेज रही कि वह पिच से टकराते हुए बल्लेबाज ही नहीं बल्कि विकेटकीपर के सिर के ऊपर से निकल गई। गेंद इतनी ज्यादा उछली की सीधे बाउंड्री के पार जाकर गिरी। दर्शकों को एक पल के लिए लगा कि पोलार्ड के बल्ले से छक्का निकला है। हालांकि, गेंद पर पोलार्ड का बल्ला लगा ही नहीं था। अंपायर ने इस गेंद को वाइड करार दिया और गेंद के बाउंड्री पार जाने के कारण कुल 5 रन दिए गए। अब इस मजेदार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, क्रिकेट के नियमों के मुताबिक छक्का तभी दिया जाता है जब गेंद को बल्ला छूता है और उसके बाद गेंद सीधे बाउंड्री के पार जाती है। वहीं, अगर बल्लेबाज गेंद को नहीं छूता और गेंद मैदान के अंदर टप्पा खाने के बाद बाउंड्री के बाहर चली जाती है, तो उसे चौका माना जाता है। वाइड होने के कारण एक रन अतिरिक्त भी जुड़ता है। ऐसे में इस मामले में कुल 5 रन दिए गए।

क्या कहता है नियम?

नियम 19.7.1 के अनुसार, 6 रन तभी मिलेंगे जब बल्ला गेंद से टकराए और गेंद खेलने वाले मैदान के अंदर जमीन को छुए बिना सीधे बाउंड्री के बाहर जमीन पर गिरे। अगर गेंद किसी फील्डर को छू भी चुकी हो, तब भी यह नियम लागू होगा। अली खान की गेंद पोलार्ड से काफी ऊपर निकल गई और विकेटकीपर भी उसे रोक नहीं सके। गेंद मैदान में टप्पा खाने के बाद बाउंड्री तक पहुंच गई। यही वह वजह थी जिसके कारण इसे छक्का नहीं माना गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी देखा जा सकता है कि दर्शक पहले इसे छक्का समझकर खुशी मनाने लगते हैं, लेकिन कुछ ही पल बाद उन्हें पता चलता है कि गेंद वाइड थी। इस दिलचस्प मुकाबले में टोरंटो सिक्सर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 130 रन बनाए थे। इसके जवाब में मिसिसॉगा मास्टर्स की टीम 10 ओवर में 7 विकेट पर 121 रन ही बना सकी।

यह भी पढ़ें:

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों में बनाए 101 रन, अब टीम इंडिया में वापसी होगी मुश्किल

भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला टी20I मैच कब है, नोट कीजिए सभी 5 मैचों का शेड्यूल

Latest Cricket News