1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्या हार्दिक पांड्या छोड़ देंगे मुंबई इंडियंस का साथ, आईपीएल 2027 से पहले डील की चर्चा ने बटोरी सुर्खियां

क्या हार्दिक पांड्या छोड़ देंगे मुंबई इंडियंस का साथ, आईपीएल 2027 से पहले डील की चर्चा ने बटोरी सुर्खियां

हार्दिक पांड्या इस वक्त ​क्रिकेट के मैदान से दूर हैं, लेकिन चर्चा में आ गए हैं। खबरें आ रही हैं कि वे सीएसके में ट्रेड हो सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

hardik pandya- India TV Hindi
Image Source : PTI हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या एक बार फिर से चर्चा में हैं। दरअसल वे इस वक्त खेल तो कहीं नहीं रहे हैं, लेकिन आईपीएल को लेकर वे सुर्खियों में हैं। खबरें इस तरह की आ रही हैं कि इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन से पहले हार्दिक पांड्या शायद मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ देंगे और वे सीएसके जा सकते हैं। हालांकि अभी तक ना तो मुंबई इंडियंस और ना ही चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से इस बारे में कोई बयान नहीं दिया गया है। जो भी बातें हैं, वो केवल चर्चा में ही हैं, अभी पुख्ता कुछ नहीं हुआ है। 

सीएसके ने संजू सैमसन को ट्रेड कर अचानक मचा दी थी हलचल

आईपीएल 2026 के सीजन में मुंबई इंडियंस का हाल काफी खराब रहा था। टीम लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पहले ही राउंड से बाहर हो गई थी। इसके बाद खबरें इस तरह की आईं कि मुंबई इंडियंस की टीम के भीतर सब कुछ ठीकठाक नहीं है। हालांकि पुष्टि इसकी भी नहीं हो सकी। अब चर्चा है कि हा​र्दिक पांड्या सीएसके जा सकते हैं। इससे पहले सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को लेकर अचानक हलचल मचा दी थी। अगर हार्दिक पांड्या सीएसके जाते हैं तो टीम एक और मजबूत खिलाड़ी मिल जाएगा, जो गेंद और बल्ले से कमाल कर सकता है। 

हार्दिक के ट्रेड पर दो विकल्पों पर किया जा रहा है विचार

इस बीच हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने को लेकर दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हार्दिक पांड्या सीएसके आ सकते हैं और उनकी जगह शिवम दुबे और आयुष म्हात्रे मुंबई इंडियंस में जा सकते हैं। दूसरा विकल्प है कि हार्दिक की जगह मुंबई इंडियंस के सीएसके शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस दे सकती है। हालांकि सीएसके से जिन प्लेयर्स के जाने की बात हो रही है, वे सभी काफी अच्छे और मजबूत खिलाड़ी हैं, इसमें कोई दोराय नहीं है। 

अब खत्म हो रहा है एमएस धोनी के युग

वैसे भी अब सीएसके में एमएस धोनी के युग का अंत हो रहा है। पिछले सीजन वे टीम के साथ जरूर रहे, लेकिन एक भी मैच नहीं खेले। इससे टीम का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा। ऐसे में पहले संजू सैमसन और अब हार्दिक पांड्या को लाना मास्टर स्ट्रोक हो सकता है। लेकिन बात कितनी बनेगी और कितनी नहीं, ये अभी कहना मुश्किल है। खास तौर पर जब तक दोनों टीमों की ओर से कोई आधिकारिक बयान ना जारी किया जाए। इस बीच टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग भी टीम का साथ छोड़कर जा चुके हैं। यानी टीम इस वक्त बदलाव के दौर से गुजर रही है।

यह भी पढ़ें 

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कहां है टीम इंडिया, सीरीज से पहले जान लीजिए श्रीलंका का नंबर

पांच ओवर में 5 विकेट, शून्य रन, वेस्टइंडीज के गेंदबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ किया अनोखा कारनामा

Latest Cricket News