1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को लगा बड़ा झटका, 18 साल बाद टीम से अलग हुए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग

IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को लगा बड़ा झटका, 18 साल बाद टीम से अलग हुए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 13, 2026 12:01 pm IST,  Updated : Jul 13, 2026 12:18 pm IST

IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। 18 साल के बाद हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया है। पिछले कुछ आईपीएल सीजन में CSK का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।

Stephen Fleming & MS Dhoni- India TV Hindi
स्टीफन फ्लेमिंग & एमएस धोनी Image Source : PTI

IPL की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स को आगामी सीजन से पहले एक बड़ा झटका लगा है। स्टीफन फ्लेमिंग जो पिछले 18 साल से CSK के हेड कोच थे, उन्होंने अब आगामी सीजन से पहले टीम का साथ छोड़ दिया है। अगले आईपीएल सीजन से वह इस भूमिका में नजर नहीं आएंगे। स्टीफन फ्लेमिंग और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का 18 साल पुराना साथ अब खत्म हो गया है। फ्रेंचाइजी और टीम के हेड कोच फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अब तक पांच बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी है।

फ्लेमिंग के कार्यकाल में पांच बार आईपीएल चैंपियन बनी CSK

स्टीफन फ्लेमिंग सबसे पहले साल 2008 में आईपीएल के बिलकुल पहले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ जुड़े थे। लेकिन अगले ही साल, यानी 2009 में, उन्हें टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया। तब से लेकर साल 2026 तक फ्लेमिंग और महेंद्र सिंह धोनी की जोड़ी ने मिलकर चेन्नई की टीम को कई सफलताएं दिलाई। फ्लेमिंग के कोचिंग कार्यकाल में चेन्नई ने 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती और 2 बार चैंपियंस लीग टी-20 का खिताब भी अपने नाम किया। फ्लेमिंग के कोच रहते हुए चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास की सबसे धाकड़ और भरोसेमंद टीमों में से एक बनी। उनके रहते हुए टीम सबसे ज्यादा 12 बार प्लेऑफ (टॉप 4) में पहुंची और 10 बार आईपीएल का फाइनल मैच खेला।

CSK के साथ अलग होने पर स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि खेल की दुनिया में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और मैं यहां से ढेर सारी यादें लेकर जा रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया मेरा यह वक्त, मेरे कोचिंग करियर का सबसे बेहतरीन और सम्मानजनक समय रहा है। हमने मिलकर जो कुछ भी हासिल किया है, मुझे उस पर बहुत गर्व है।

पिछले कुछ सालों का CSK का प्रदर्शन रहा है खराब

चेन्नई ने अपनी आखिरी आईपीएल ट्रॉफी साल 2023 में जीती थी। उससे एक साल पहले यानी कि साल 2022 में उनकी टीम 9वें नंबर पर रही थी। 2023 के बाद टीम का प्रदर्शन लगातार नीचे जाते रहा। साल 2024 में टीम 5वें नंबर पर रही, 2025 में उनकी टीम ने सीजन का अंत पॉइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर किया। इस साल यानी 2026 में भी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह 8वें नंबर पर रही। पिछले तीन सीजन में CSK की टीम एक बार भी प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है।

दूसरे लीग में भी सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के लिए काम कर चुके हैं फ्लेमिंग

आईपीएल के अलावा, फ्लेमिंग ने दूसरी विदेशी लीग्स में भी सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी (साउथ अफ्रीका की SA20 और अमेरिका की MLC) के साथ कोच के तौर पर काम किया है। SA20 की जोबर्ग सुपर किंग्स उनके कार्यकाल में चारों बार प्लेऑफ में तो पहुंची, हालांकि कभी फाइनल नहीं खेल पाई। MLC की 'टेक्सास सुपर किंग्स' भी शुरुआती तीन सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची, पर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। साल 2026 की अमेरिकी लीग में टेक्सास की टीम सबसे नीचे रही, और सुपर किंग्स परिवार के साथ फ्लेमिंग का यह आखिरी सफर साबित हुआ।

यह भी पढ़ें

SRH ने हैदराबाद में धमाकेदार जीत के साथ रच दिया नया इतिहास, चेन्नई सुपर किंग्स का रिकॉर्ड ध्वस्त

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल