आज की तारीख में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर्स की बात की जाती है तो सबसे पहले नाम न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स का आता है। वे अक्सर क्रिकेट के मैदान पर ऐसे कैच पकड़ लेते हैं, जो किसी भी दूसरे खिलाड़ी के लिए करीब करीब असंभव होते हैं। अपनी फील्डिंग से तो फिलिप्स रंग जमाते ही हैं, अब उन्होंने बल्ले भी कमाल किया है। फिलिप्स ने टेस्ट में अपना पहला शतक लगा दिया है। जब न्यूजीलैंड की टीम संकट में थी, तब वे आए और टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
इंग्लैंड के खिलाफ ग्लेन फिलिप्स ने 135 बॉल पर खेली 100 रनों की पारी
न्यूजीलैंड की टीम इस वक्त इंग्लैंड के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले दिन के खेल में न्यूजीलैंड की टीम संकट में फंस गई थी, क्योंकि जल्दी जल्दी टीम के कई विकेट निकल गए थे। ऐसे वक्त में ग्लैन फिलिप्स नंबर नंबर सात पर बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने 135 बॉल पर 100 रन की जबरदस्त पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 18 चौके आए। उनके अलावा केवल टॉम ब्लंडेल ही 51 रन की पारी खेल पाए। फिलिप्स के शतक की बदौलत ही न्यूजीलैंड की टीम 391 रन के ठीकठाक स्कोर तक पहुंच पाई।
सीरीज में पीछे चल रही न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने ले लिया है संन्यास
सीरीज का पहला मुकाबला पहले ही इंग्लैंड की टीम 115 रन से अपने नाम कर चुकी है। बीच सीरीज में ही न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था, इसके बाद टीम और भी ज्यादा संकट में फंसी हुई नजर आ रही थी। मैच के दूसरे ही दिन पहले सेशन में न्यूजीलैंड की पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
ग्लेन फिलिप्स के अब तीनों फॉर्मेट में हो गए हैं शतक
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स अब तक 18 टेस्ट खेल चुके हैं और उनका इस फॉर्मेट में ये पहला शतक है। वे अब तक करीब 1000 रन बना चुके हैं। वनडे क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 47 मैच खेलकर 1262 रन बनाए हैं और यहां उनके दो शतक हैं। टी20 इंटरनेशनल में वे 97 मैच खेलकर 2200 से अधिक रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इसमें भी उनके नाम दो शतक हैं। अब टेस्ट में शतक लगाने के बाद उनके तीनों फॉर्मेट में शतक हो गए हैं, जिसमें वह न्यूजीलैंड के अब तक सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने हैं। फिलिप्स से पहले कीवी टीम की तरफ से सिर्फ ब्रैंडन मैकुलम और मार्टिन गुप्टिल ही सिर्फ दो ऐसे खिलाड़ी थे जो तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने में कामयाब हुए थे।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी पर क्या होगा कोई एक्शन! बीसीसीआई ने पूरी तस्वीर से हटा दिया पर्दा
IND vs IRE: कब से शुरू होगी भारत बनाम आयरलैंड सीरीज, वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू संभव
Latest Cricket News